
लिस्टिंग के बाद पहला नतीजा, 100% से ज्यादा बढ़ा मुनाफा, 'नई-नवेली' कंपनी के शेयर बने रॉकेट
संक्षेप: हाल में बाजार में लिस्ट हुई कंपनी ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज के शेयर गुरुवार को 19% से अधिक की तेजी के साथ 242.05 रुपये पर पहुंच गए हैं। लिस्टिंग के बाद पहले नतीजे में कंपनी का मुनाफा 100% से ज्यादा बढ़ा है।
इसी महीने बाजार में लिस्ट हुई कंपनी ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज के शेयर गुरुवार को रॉकेट बन गए हैं। कंपनी के शेयर BSE में 19 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 242.05 रुपये पर पहुंच गए हैं। स्टॉक मार्केट की इस नई-नवेली कंपनी के शेयर गुरुवार को 243.95 रुपये पर भी पहुंचे और 52 हफ्ते का नया हाई बनाया। ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज ने लिस्टिंग के बाद अपने पहले नतीजे जारी किए हैं। शानदार वित्तीय नतीजों की वजह से कंपनी के शेयरों में यह उछाल आया है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 179.40 रुपये है।

100% से ज्यादा बढ़ा है कंपनी का मुनाफा
ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 104.2 पर्सेंट बढ़ा है। जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी को 29.5 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज को 14.4 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज का रेवेन्यू सालाना आधार पर 61.9 पर्सेंट बढ़कर 433.9 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 268 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का रेवेन्यू 729.3 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी का इबिट्डा सालाना आधार पर 45.6 पर्सेंट बढ़कर 80.9 करोड़ रुपये रहा है।
IPO में 204 रुपये था शेयर का दाम
ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज (Epack Prefab Technologies) का आईपीओ दांव लगाने के लिए 24 सितंबर 2025 को खुला था और यह 26 सितंबर तक ओपन रहा। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 204 रुपये था। कंपनी के शेयर 1 अक्टूबर 2025 को 189.70 रुपये पर लिस्ट हुए थे। लिस्टिंग वाले ही दिन कंपनी के शेयर उछाल के साथ 194.40 रुपये पर पहुंच गए। ईपैक प्रीफैब टेक्नोलॉजीज का आईपीओ टोटल 3.14 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों का कोटा 1.74 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी में 3.79 गुना दांव लगा था।





