काम की बात: EPFO और ग्रेच्युटी में बढ़ोतरी, लेकिन सैलरी होगी कम? समझें नया नियम

Apr 08, 2026 09:48 am ISTSarveshwar Pathak लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

1 अप्रैल 2026 से लागू नए 50% वेज रूल के तहत कर्मचारियों की बेसिक सैलरी बढ़ेगी, जिससे EPF और ग्रेच्युटी में योगदान बढ़ेगा। इसका असर यह होगा कि हर महीने मिलने वाली टेक-होम सैलरी थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन लंबी अवधि में कर्मचारियों की बचत और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी।

EPFO और ग्रेच्युटी में बढ़ोतरी, लेकिन सैलरी होगी कम? समझें नया नियम

अगर आप नौकरीपेशा हैं, तो अप्रैल 2026 से आपकी सैलरी स्लिप में बड़ा बदलाव दिख सकता है। सरकार द्वारा लागू किए गए नए लेबर रूल्स के तहत अब सैलरी स्ट्रक्चर को पूरी तरह से नया रूप दिया गया है। इन बदलावों का सबसे अहम हिस्सा 50% वेज रूल है, जिसका सीधा असर आपकी टेक-होम सैलरी, EPF और ग्रेच्युटी पर पड़ेगा। आइए इसको जरा विस्तार से समझते हैं।

नए नियम में क्या बदलाव?



नए नियमों के अनुसार, किसी भी कर्मचारी की कुल सैलरी (CTC) में बेसिक सैलरी, डीए (Dearness Allowance) और रिटेनिंग अलाउंस मिलाकर कम से कम 50% होना जरूरी है। पहले कई कंपनियां बेसिक सैलरी को कम रखकर HRA, बोनस और अन्य अलाउंस ज्यादा दिखाती थीं, जिससे कर्मचारियों की इन-हैंड सैलरी ज्यादा नजर आती थी। लेकिन, अब ऐसा करना संभव नहीं होगा। अगर अलाउंस 50% से ज्यादा होते हैं, तो अतिरिक्त हिस्सा बेसिक सैलरी में जोड़ दिया जाएगा।

EPF पर सबसे बड़ा असर

इस बदलाव का सबसे बड़ा असर EPF (Employees’ Provident Fund) पर पड़ेगा, क्योंकि EPF का कैलकुलेशन बेसिक सैलरी पर होता है, इसलिए बेसिक बढ़ने से PF में कर्मचारी और कंपनी दोनों का योगदान बढ़ जाएगा। इसका मतलब है कि हर महीने आपकी सैलरी से ज्यादा कटौती होगी और आपका टेक-होम सैलरी थोड़ा कम हो सकता है। हालांकि, यह पैसा आपकी भविष्य की बचत को मजबूत करेगा।

ग्रेच्युटी के नियमों में भी बड़ा बदलाव

ग्रेच्युटी के नियमों में भी बड़ा बदलाव आया है। अब फिक्स्ड-टर्म और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को सिर्फ 1 साल की नौकरी के बाद भी ग्रेच्युटी का लाभ मिल सकेगा, जबकि पहले इसके लिए 5 साल का इंतजार करना पड़ता था। साथ ही, क्योंकि ग्रेच्युटी का कैलकुलेशन आखिरी बेसिक सैलरी पर होता है, इसलिए बेसिक बढ़ने से रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने पर मिलने वाली रकम भी ज्यादा होगी।

इन नए नियमों से आपकी मौजूदा इन-हैंड सैलरी थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन लंबे समय में यह आपके लिए फायदेमंद साबित होंगे। ज्यादा PF और ग्रेच्युटी का मतलब बेहतर रिटायरमेंट प्लानिंग और मजबूत वित्तीय सुरक्षा है। आसान शब्दों में कहें तो यह बदलाव आज की कम कमाई, लेकिन कल की ज्यादा सुरक्षा का फॉर्मूला लेकर आया है, जो कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,