कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, देखें किस राज्य में क्या है दाम
मुख्य बातें
- ब्रेंट क्रूड एक बार फिर से 73 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है
- उत्तराखंड में एक लीटर पेट्रोल का दाम अब ₹100.96 है
- उत्तर प्रदेश में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.76 और पश्चिम बंगाल में ₹114.20 पर पहुंच गई है

Petrol-Diesel Price Today: ईरान-अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने से एक बार फिर कच्चे तेल के रेट में उबाल है। ब्रेंट क्रूड एक बार फिर से 73 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है। इस बीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट भी जारी कर दी हैं। नए रेट के मुताबिक झारखंड, केरल, मध्यप्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के कुछ शहरों में डीजल की कीमत भी 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है।
हालांकि, आज 29 जून को पेट्रोल-डीजल के रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बता दें एक बैरल कच्चे तेल में 10 डॉलर की बढ़ोतरी की वजह से कंपनियों को करीब 6 रुपये प्रति लीटर का नुकसान होता है।
कीमतों में उतार-चढ़ाव और दोहा वार्ता का एलान
ब्लूमबर्ग के मुताबिक ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत में 1.9% की बढ़ोतरी हुई और यह 73.39 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, हालांकि बाद में इसने कुछ लाभ गंवा दिए। वहीं, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट तेल 70 डॉलर के करीब कारोबार कर रहा था। अमेरिका ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए, जबकि ईरान ने इस महत्वपूर्ण जलमार्ग के पास टैंकर पर हमला किया था। इस बीच, अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्ष मंगलवार को दोहा में बातचीत के लिए सहमत हो गए हैं।
हमले का शिकार हुआ विशाल टैंकर 'किकू'
हमले की चपेट में आया किकू नामक विशाल टैंकर, जिसमें लगभग 20 लाख बैरल तेल था, आखिरी बार ओमान की खाड़ी में स्थित संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाह फुजैराह के पास देखा गया था। उसकी नेविगेशन स्थिति 'नियंत्रण में नहीं' बताई गई थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हाल के तनाव ने होर्मुज स्ट्रेट से होने वाले ऑयल ट्रांसपोटेशन को कैसे प्रभावित किया है, हालांकि दोनों पक्षों के बीच अंतरिम समझौते के बाद यातायात फिर से बढ़ गया था।
किस राज्य में किस भाव पर मिल रहा पेट्रोल
उत्तराखंड में एक लीटर पेट्रोल का दाम ₹100.96 पर है। उत्तर प्रदेश में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.76 और पश्चिम बंगाल में ₹114.20 पर पहुंच गई है। बिहार में ₹114.79, राजस्थान में ₹113.93 प्रति लीटर पर है।
mypetrolprice के मुताबिक महाराष्ट्र में एक लीटर पेट्रोल की कीमत ₹113.05, दिल्ली में ₹102.12, छत्तीसगढ़ में ₹109.59, गुजरात में ₹102.92, हरियाणा में ₹103.57, हिमाचल प्रदेश में ₹101.64 और जम्मू और कश्मीर में ₹108.47 प्रति लीटर है।
झारखंड में 1 लीटर पेट्रोल का दाम आज ₹107.02, केरल में ₹114.31, मणिपुर में ₹114.76, मिजोरम में ₹104.74, ओडिशा में ₹110.30, पंजाब में ₹105.90, सिक्किम में ₹109.88 है। आंध्र प्रदेश में पेट्रोल ₹117.35 ,असम में ₹106.21, मध्य प्रदेश में ₹115.77, तेलंगाना में ₹116.78, त्रिपुरा में ₹104.89 है।
दूसरी ओर , आंध्र प्रदेश में डीजल की कीमत ₹105.92 पर पहुंच गई है। बिहार के कई शहरों में डीजल के दाम 100 रुपये लीटर के पार गए हैं। अररिया में, औरंगाबाद, बांका, भागलपुर में डीजल 100 के पार है। छत्तीसगढ़ में डीजल के रेट 100 के पार पहुंच गया है। गुजरात के राजकोट में डीजल 100.01 रुपये लीटर है।


