
बाजार में उतरते ही इस शेयर का बुरा हाल, 20% नीचे लिस्टिंग, फिर धड़ाम हो गया शेयर
नेप्च्यून लॉजिटेक के शेयर 20% की गिरावट के साथ 100.80 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 126 रुपये था। लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर 5% और टूटकर 95.80 रुपये पर पहुंच गए हैं।
नेप्च्यून लॉजिटेक लिमिटेड के शेयर पहले ही दिन धड़ाम हो गए हैं। बाजार में उतरते ही नेप्च्यून लॉजिटेक के शेयरों का बुरा हाल हो गया है। नेप्च्यून लॉजिटेक के शेयर सोमवार को BSE में 20 पर्सेंट की गिरावट के साथ 100.80 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 126 रुपये था। नेप्च्यून लॉजिटेक का आईपीओ दांव लगाने के लिए 15 दिसंबर 2025 को खुला था और यह 17 दिसंबर तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 46.62 करोड़ रुपये तक का था। नेप्च्यून लॉजिटेक, लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है।
लिस्टिंग के बाद और टूट गए कंपनी के शेयर
कमजोर लिस्टिंग के बाद नेप्च्यून लॉजिटेक लिमिटेड के शेयर और लुढ़क गए हैं। कंपनी के शेयर 5 पर्सेंट और टूटकर 95.80 रुपये पर पहुंच गए हैं। 126 रुपये के आईपीओ प्राइस के मुकाबले नेप्च्यून लॉजिटेक के शेयर पहले ही दिन 24 पर्सेंट टूट गए हैं। लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैप 131 करोड़ रुपये है। अंकित देवीदास शाह और रीमा अंकित शाह कंपनी के प्रमोटर्स हैं। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 99.99 पर्सेंट थी, जो कि अब 72.99 पर्सेंट रह गई है।
क्या है कंपनी का कारोबार
नेप्च्यून लॉजिटेक लिमिटेड एक इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशन उपलब्ध कराने वाली कंपनी है। कंपनी फ्रेट फॉरवर्डिंग एंड कस्टम क्लीयरेंस, एयर फ्रेट ट्रांसपोर्टेशन, डोर-टू-डोर मल्टीमोडल कोस्टल फॉरवर्डिंग, रोड ट्रांसपोर्टेशन और रेल ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज ऑफर करती है। 31 मार्च 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी के पास 199 फ्लीट्स और फ्लीट ऑपरेटर्स हैं। ऑपरेशंस को सपोर्ट करने के लिए कंपनी के पास 9 ब्रांच ऑफिस हैं।
IPO पर लगा 1.61 गुना दांव
नेप्च्यून लॉजिटेक लिमिटेड (Neptune Logitek) के आईपीओ पर टोटल 1.61 गुना दांव लगा था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों (रिटेल इनवेस्टर्स) की कैटेगरी में 2.90 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स) की कैटेगरी में 0.32 गुना दांव लगा था।





