
मारुति सुजुकी इंडिया के साथ इस कंपनी का होगा मर्जर, NCLT ने दी हरी झंडी
संक्षेप: मारुति सुजुकी इंडिया के साथ सुजुकी मोटर गुजरात के मर्जर को राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) ने मंजूरी दे दी है। न्यायाधिकरण ने कहा कि यह योजना दोनों याचिकाकर्ता कंपनियों, उनके शेयरधारकों, लेनदारों, कर्मचारियों और सभी संबंधित पक्षों के हित में है।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया के साथ सुजुकी मोटर गुजरात के मर्जर को राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) ने मंजूरी दे दी है। NCLT की दिल्ली स्थित दो सदस्यीय पीठ ने सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड (हस्तांतरणकर्ता कंपनी) और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (हस्तांतरिती कंपनी) की संयुक्त याचिका को मंजूरी दी है।

क्या कहा NCLT ने?
न्यायाधिकरण ने कहा कि यह योजना दोनों याचिकाकर्ता कंपनियों, उनके शेयरधारकों, लेनदारों, कर्मचारियों और सभी संबंधित पक्षों के हित में है और मौजूदा योजना को मंजूरी देने में कोई बाधा नहीं है। पीठ ने पाया कि आयकर विभाग और आधिकारिक परिसमापक, अहमदाबाद, ने इस विचाराधीन योजना के संबंध में अपनी कोई आपत्ति दर्ज नहीं की है। इसके अलावा, अन्य वैधानिक प्राधिकरण जैसे आरबीआई, सेबी, बीएसई और एनएसई ने भी कोई आपत्ति दर्ज नहीं की है।
पीठ ने कहा- उपर्युक्त तथ्यों, विशेष रूप से संबंधित प्राधिकारियों के रुख, और सभी याचिकाकर्ता कंपनियों के सदस्यों और लेनदारों की स्वीकृति पर विचार करने के बाद इस योजना को मंजूरी देने में कोई बाधा प्रतीत नहीं होती है। एनसीएलटी पीठ के अध्यक्ष रामलिंगम सुधाकर और सदस्य रवींद्र चतुर्वेदी ने अपने आदेश में कहा, ‘‘ऐसे में कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 230 से 232 के तहत याचिकाकर्ता कंपनियों द्वारा प्रस्तावित विलय की योजना को मंजूरी दी जाती है।''
सुजुकी मोटर का प्लान
बीते अगस्त महीने में जापान की वाहन विनिर्माता कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के हेड तोशीहिरो सुजुकी ने बड़े निवेश का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि भारत में अपने परिचालन को मजबूत करने के लिए अगले पांच से छह साल में कंपनी 70,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह निवेश कंपनी के सालाना 40 लाख इकाई उत्पादन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए किया जाएगा। सुजुकी समूह पहले ही भारत में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर चुका है। इन निवेश से 11 लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी जनरेट हुए हैं।





