कंपनी को मिला ₹1,286 करोड़ का ऑर्डर…खबर आते ही रॉकेट बने शेयर; आपने लगाया दांव?
मुख्य बातें
- NCC को तेलंगाना में हैदराबाद ग्रोथ कॉरिडोर लिमिटेड से ₹1,286.03 करोड़ का सड़क निर्माण प्रोजेक्ट मिला है
- बुडवेल से शाबाद तक सड़क निर्माण का काम 18 महीने में पूरा करना है
- इस खबर के बाद शुक्रवार को NCC का शेयर करीब 5% चढ़कर ₹125.57 पर पहुंच गया

NCC Share Price: इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी NCC के शेयरों में शुक्रवार को तेजी देखने को मिली। कंपनी को तेलंगाना में ₹1,286.03 करोड़ का सड़क निर्माण प्रोजेक्ट मिला है। इस खबर के बाद शेयर करीब 5% चढ़कर ₹125.57 पर पहुंच गया। कंपनी को इस प्रोजेक्ट के लिए हैदराबाद ग्रोथ कॉरिडोर लिमिटेड से लेटर ऑफ एक्सेपटेंस (LoA) मिला है। यह ऑर्डर 8 अक्टूबर 2026 का है और कंपनी ने इसकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंजों को दी है।
तेलंगाना में कहां बनेगी सड़क?
इस प्रोजेक्ट के तहत तेलंगाना में रेडियल रोड-2 का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क आउटर रिंग रो (Outer Ring Road- ORR) के पास बुडवेल से NH-167N पर नाचराम तक प्रस्तावित है। फिलहाल मिले ऑर्डर में पहले पैकेज यानी बुडवेल से शाबाद तक के हिस्से का निर्माण शामिल है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 18 महीने की समयसीमा तय की गई है। बड़े सड़क निर्माण प्रोजेक्ट मिलने से NCC के ऑर्डर बुक और आने वाले समय में कामकाज की संभावनाओं पर निवेशकों का ध्यान बढ़ सकता है।
एक साल में 40% से ज्यादा गिर चुका है शेयर
शुक्रवार की तेजी के बावजूद NCC के शेयर का प्रदर्शन पिछले कुछ महीनों में कमजोर रहा है। बीते तीन महीनों में इसमें करीब 13% की गिरावट आई है, जबकि पिछले एक साल के दौरान शेयर लगभग 40% टूट चुका है। कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹7,515 करोड़ है। शेयर का 52-वीक हाई ₹217.25 है। फिलहाल, शेयर अपने इस स्तर से काफी नीचे कारोबार कर रहा है। वैल्यूएशन की बात करें तो कंपनी का Price-to-Earnings (P/E) रेशियो 10.76 और Price-to-Book (P/B) रेशियो 0.94 है।
टेक्निकल संकेत क्या बता रहे हैं?
Trendlyne के आंकड़ों के अनुसार, NCC के शेयर का RSI (Relative Strength Index) 22.9 पर है। आम तौर पर RSI का 30 से नीचे होना शेयर में ओवरसोल्ड स्थिति का संकेत माना जाता है। इसका मतलब है कि शेयर में हाल के दिनों में काफी बिकवाली हुई है। हालांकि, केवल RSI कम होने से शेयर में तेजी आने की गारंटी नहीं मिलती। इसके अलावा NCC का शेयर अपने सभी आठ SMA (Simple Moving Averages) से नीचे कारोबार कर रहा है। यह तकनीकी रूप से शेयर में जारी कमजोरी को दर्शाता है।
आज का शेयर परफॉर्मेंस
NCC Ltd का शेयर आज NSE पर तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। खबर लिखे जाने तक (12:20pm) NSE पर कंपनी के शेयर 3.09% की तेजी के साथ 123.63 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
प्रमोटर और म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी बढ़ी
सितंबर 2026 तिमाही में NCC की शेयरहोल्डिंग में भी कुछ बदलाव हुए। प्रमोटर्स ने अपनी हिस्सेदारी 23.08% से बढ़ाकर 23.19% कर दी। वहीं, म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी 14.13% से बढ़कर 14.38% हो गई। दूसरी ओर, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने अपनी हिस्सेदारी 11.29% से घटाकर 10.44% कर दी। इस तरह, नए प्रोजेक्ट की खबर से शेयर में तेजी जरूर आई है, लेकिन लंबी अवधि में इसके प्रदर्शन पर कंपनी की प्रोजेक्ट डिलीवरी, वित्तीय नतीजों और बाजार के रुझान का भी असर रहेगा।

