
नवरत्न कंपनी के शेयरों में तूफानी तेजी, 365 रुपये के पार दाम, ₹700 करोड़ से ज्यादा का मिला काम
नवरत्न कंपनी रेलटेल के शेयर मंगलवार को BSE में 6% से अधिक चढ़कर 367.50 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी को बिहार एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल से कई ऑर्डर मिले हैं। इन ऑर्डर की वैल्यू 713.52 करोड़ रुपये है।
नवरत्न कंपनी रेलटेल कॉरपोरेशन के शेयरों में मंगलवार को तूफानी तेजी आई है। रेलटेल कॉरपोरेशन के शेयर मंगलवार को BSE में 6 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 367.50 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी को बिहार एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल से कई ऑर्डर मिले हैं। इन ऑर्डर की वैल्यू 713.52 करोड़ रुपये है। रेलटेल कॉरपोरेशन के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 486.55 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 265.30 रुपये है।

नवरत्न कंपनी को मिले ऑर्डर के डीटेल्स
रेलटेल कॉरपोरेशन को यह कॉन्ट्रैक्ट्स स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर (SPD), बिहार एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल की तरफ से मिले हैं। इन ऑर्डर के तहत बिहार के सरकारी स्कूलों में डिजिटल लर्निंग सॉल्यूशंस की सप्लाई और इंस्टॉलेशंस पर कंपनी को फोकस करना है। रेलटेल को यह वर्क ऑर्डर्स औपचारिक रूप से 8 सितंबर को मिले हैं। कंपनी को मिले कॉन्ट्रैक्ट्स में से एक बड़ा ऑर्डर 262.14 करोड़ रुपये का है, जिसमें गवर्नमेंट मिडिल स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम्स के प्रेक्योरमेंट, सप्लाई और इंस्टॉलेशंस का काम शामिल है। कंपनी को एक दूसरा ऑर्डर 44.21 करोड़ रुपये का मिला है। इस ऑर्डर में अलग-अलग स्कूलों में ICT लैब्स की सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का काम है। इस प्रोजेक्ट को 31 मार्च 2026 तक पूरा किया जाना है।
टीचिंग एंड लर्निंग मैटीरियल्स की भी करनी है सप्लाई
नवरत्न कंपनी को एक ऑर्डर 89.91 करोड़ रुपये का मिला है। इस ऑर्डर में कंपनी को बिहार के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के स्टूडेंट्स के लिए टीचिंग एंड लर्निंग मैटीरियल्स की सप्लाई करनी है। रेलटेल को एक ऑर्डर 257.50 करोड़ रुपये का मिला है। इस ऑर्डर के तहत गवर्नमेंट सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम्स के प्रेक्योरमेंट, सप्लाई और इंस्टॉलेशंस का काम है। कंपनी को एक ऑर्डर 59.76 करोड़ रुपये का मिला है।
4 साल में 175% से ज्यादा उछल गए हैं रेलटेल के शेयर
नवरत्न कंपनी रेलटेल कॉरपोरेशन के शेयर पिछले चार साल में 175 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। वहीं, पिछले तीन साल में कंपनी के शेयरों में 237 पर्सेंट से अधिक का उछाल आया है। पिछले दो साल में रेलटेल के शेयरों में 55 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 20 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं।





