
नवरत्न कंपनी ने किया दूसरे डिविडेंड का ऐलान, 153 करोड़ रुपये का हुआ है मुनाफा
संक्षेप: नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड को सितंबर 2025 तिमाही में 153.5 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान भी किया है।
नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड का कंसॉलिडेटेड मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 26 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी को जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में 153.5 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में एनबीसीसी को 122 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। नवरत्न कंपनी एनबीसीसी के शेयर गुरुवार को BSE में 108.95 रुपये पर बंद हुए हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए दूसरे अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है।

21% का अंतरिम डिविडेंड
नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 21 पर्सेंट (हर शेयर पर 0.21 रुपये) के दूसरे अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। कंपनी ने अंतरिम डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट 19 नवंबर 2025 फिक्स की है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में एनबीसीसी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 19 पर्सेंट बढ़कर 2910.2 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 2446 करोड़ रुपये था। सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी का इबिट्डा 100.8 करोड़ रुपये रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 100.3 करोड़ रुपये था।
नवरत्न कंपनी को मिला 340 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट
नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड को 340.17 करोड़ रुपये का एक कॉन्ट्रैक्ट मिला है। यह ऑर्डर तुलमुल्ला (गांदरबल) में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर के पहले चरण के निर्माण के लिए है। एनबीसीसी को पिछले हफ्ते ही हेवी व्हीकल्स फैक्ट्री (HVF) से 350.31 करो़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी सर्विसेज के लिए है।
2 बार बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड अपने शेयरधारकों को 2 बार बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है। कंपनी ने फरवरी 2017 में 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। कंपनी ने अक्टूबर 2024 में भी 1:2 के अनुपात में अपने निवेशकों को बोनस शेयर दिए।





