गिरावट की आंधी में नवरत्न कंपनी का शेयर बना रॉकेट, तीन गुना से ज्यादा बढ़ा है मुनाफा
नवरत्न कंपनी इंजीनियर्स इंडिया के शेयर शुक्रवार को रॉकेट सा उड़ गए हैं। कंपनी के शेयर BSE में 14% से अधिक की तेजी के साथ 207.80 रुपये पर पहुंच गए हैं। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का मुनाफा तीन गुना से ज्यादा बढ़ा है।

घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को तेज गिरावट आई है। BSE का सूचकांक सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूटकर कारोबार कर रहा है। गिरावट की इस आंधी में भी नवरत्न कंपनी इंजीनियर्स इंडिया के शेयर रॉकेट सा उड़ गए हैं। इंजीनियर्स इंडिया के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 14 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 207.80 रुपये पर पहुंच गए हैं। दिसंबर 2025 तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद नवरत्न कंपनी के शेयरों में यह उछाल देखने को मिला है। इंजीनियर्स इंडिया के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 255.25 रुपये है।
तीन गुना से ज्यादा बढ़ गया है नवरत्न कंपनी का मुनाफा
नवरत्न कंपनी इंजीनियर्स इंडिया का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में तीन गुना से ज्यादा बढ़ गया है। इंजीनियर्स इंडिया को चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 347.2 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 109 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में इंजीनियर्स इंडिया का रेवेन्यू सालाना आधार पर 58.3 पर्सेंट बढ़कर 1210.2 करोड़ रुपये पहुंच गया है। एक साल पहले की समान अवधि के दौरान नवरत्न कंपनी का रेवेन्यू 764.5 करोड़ रुपये था। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का इबिट्डा उछलकर 352.2 करोड़ रुपये जा पहुंचा है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 97.9 करोड़ रुपये था।
कंपनी को मिला है 360 मिलियन डॉलर का ऑर्डर
दिसंबर 2025 तिमाही में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड को अपना सबसे बड़ा ओवरसीज ऑर्डर मिला है। नवरत्न कंपनी इंजीनियर्स इंडिया को यह ऑर्डर नाइजीरिया के डैनगॉट ग्रुप से एक मेगा रिफाइनरी प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए मिला है। इस ऑर्डर की वैल्यू करीब 360 मिलियन डॉलर है। इंटरनेशनल बिजनेस से कंपनी की ग्रोथ को तेज रफ्तार मिली है। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, पेट्रोलियम, रिफाइनरीज, पेट्रोकेमिकल्स, ऑयल एंड गैस प्रोसेसिंग के क्षेत्र में काम करती है।
177% से ज्यादा उछल गए हैं नवरत्न कंपनी के शेयर
नवरत्न कंपनी इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के शेयर पिछले 5 साल में 177 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 12 फरवरी 2021 को 74.85 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 13 फरवरी 2026 को 207.80 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 206 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। अगर पिछले 3 साल की बात करें तो कंपनी के शेयर 157 पर्सेंट उछल गए हैं। पिछले एक साल में इंजीनियर्स इंडिया के शेयर 25 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 255.25 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 142.15 रुपये है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें

