करीब दोगुना बढ़ा मुनाफा, फिर भी शेयर के बुरे हाल, बाजार खुलते ही धड़ाम हुआ शेयर
Muthoot Finance Share Price: मुथूट फाइनेंस के शेयर शुक्रवार को 11% से ज्यादा लुढ़ककर 3576.60 रुपये पर पहुंच गए हैं। मुनाफा करीब दोगुना बढ़ने के बाद भी मुथूट फाइनेंस के शेयर बिखर गए हैं।

Muthoot Finance Share Price: गोल्ड लोन देने वाली कंपनी मुथूट फाइनेंस के शेयर शुक्रवार को बाजार खुलते ही धड़ाम हो गए हैं। मुथूट फाइनेंस के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 11 पर्सेंट से अधिक की गिरावट के साथ 3576.60 रुपये पर पहुंच गए हैं। जबरदस्त मुनाफे के बाद भी मुथूट फाइनेंस के शेयर बिखर गए हैं। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में मुथूट फाइनेंस का मुनाफा करीब दोगुना बढ़ा है। पिछले एक साल में मुथूट फाइनेंस के शेयरों में करीब 54 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है।
95% बढ़ा है गोल्ड लोन देने वाली कंपनी का मुनाफा
गोल्ड लोन देने वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) मुथूट फाइनेंस का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 94.9 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 2656 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 1363 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में गोल्ड लोन कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम सालाना आधार पर 64 पर्सेंट बढ़कर 4467 करोड़ रुपये पहुंच गई है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 2721 करोड़ रुपये थी।
9 महीने में 75% से ज्यादा चढ़ गए हैं कंपनी के शेयर
मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance) के शेयर पिछले 9 महीनों में 75 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। गोल्ड लोन देने वाली कंपनी मुथूट फाइनेंस के शेयर 20 मई 2025 को 2030.90 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 13 फरवरी 2026 को टूटकर 3576.60 रुपये पर पहुंच गए हैं। अगर पिछले 5 साल की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 170 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। इस अवधि के दौरान कंपनी के शेयर 1315 रुपये से बढ़कर 3575 रुपये के पार पहुंच गए हैं। मुथूट फाइनेंस के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 4149 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 1964.35 रुपये है।
चालू वित्त वर्ष के 9 महीनों में खोलीं 39 गोल्ड लोन ब्रांचेज
मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance) ने चालू वित्त वर्ष के शुरुआती 9 महीनों में 39 गोल्ड लोन ब्रांचेज खोली हैं, जिससे कंपनी की टोटल ब्रांचेज की संख्या बढ़कर 1290 पहुंच गई है। कंपनी की कलेक्शन इफीशिएंशी सुधार के साथ 99.64 पर्सेंट पहुंच गई हैं, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 98.53 पर्सेंट थी। चालू वित्त वर्ष के शुरुआती 9 महीनों में डिस्बर्समेंट्स 5589 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 4760 करोड़ रुपये था।

लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें



