10 साल पहले आया IPO… कंपनी ने दिया मल्टीबैगर रिटर्न, अब बिजनेस पर बड़ा अपडेट
शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स शेयर ने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वर्तमान में इस शेयर की कीमत 170 रुपये के स्तर पर है। शेयर की बात करें तो पिछले पांच साल में 1037% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। तीन साल में 125% और दो साल में करीब 132% का रिटर्न दिया है।

Shanti Educational Initiatives share: स्टॉक मार्केट में लिस्टेड एजुकेशन सेक्टर की कंपनी- शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स के शेयर की रफ्तार तो सुस्त है लेकिन लॉन्ग टर्म में इसने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वर्तमान में इस शेयर की कीमत 170 रुपये के स्तर पर है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 63.15 रुपये और 52 हफ्ते का हाई 200 रुपये है। अब कंपनी ने एक अधिग्रहण का भी ऐलान किया है।
शेयर परफॉर्मेंस, स्प्लिट
शांति एजुकेशनल ने कॉर्पोरेट एक्शन के तौर पर 1:10 स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी थी। इसके तहत एक इक्विटी शेयर को 10 शेयरों में बांटा गया थ। इससे निवेशकों के पोर्टफोलियो में शेयर की लिक्विडिटी बढ़ गई। इसका असर यह रहा कि 2016 में आईपीओ के समय ₹90 प्रति शेयर के भाव पर किए गए न्यूनतम रिटेल निवेश ₹1.44 लाख (1,600 शेयर) की वैल्यू करीब 10 साल में बढ़कर लगभग ₹27.20 लाख हो गई। स्प्लिट के बाद निवेशक के शेयरों की संख्या 1,600 से बढ़कर 16,000 हो गई। बता दें कि कंपनी 14 जून 2016 को BSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुई थी। उस समय ₹10 फेस वैल्यू वाले 44 लाख शेयरों का फिक्स्ड प्राइस इश्यू ₹90 प्रति शेयर पर लाया गया था, जिससे कंपनी ने करीब ₹39.6 करोड़ जुटाए थे। आईपीओ का सबसे छोटा लॉट 1,600 शेयरों का था।
कंपनी का अधिग्रहण
कंपनी ने अपनी ग्रोथ स्ट्रेटेजी को मजबूत करने के लिए शांति लर्निंग इनिशिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड (SLIPL) को पूरी तरह अपनी सब्सिडियरी बना लिया है। 12 जनवरी 2026 को स्थापित यह कंपनी 1 लाख रुपये की ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल के साथ शुरू की गई है। ₹1 लाख के कैश पेमेंट के जरिए किए गए इस अधिग्रहण से शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स को SLIPL पर पूर्ण नियंत्रण मिल गया है। यह रणनीतिक फैसला कंपनी के कोर ऑपरेशंस को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
SLIPL के जरिए कंपनी प्ले स्कूल से लेकर बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम तक स्कूल मैनेजमेंट, प्लानिंग, सेटअप और संचालन जैसी सेवाएं देगी। बता दें कि शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स मुख्य रूप से गुजरात में स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करती है। यह रणनीतिक फैसला शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स के बुनियादी इंफ्रा को बेहतर बनाने के लिए है, जिसमें प्ले स्कूल से लेकर बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम तक के एजुकेशनल संस्थानों की प्लानिंग, सेटअप और देखरेख जैसी सभी तरह की स्कूल मैनेजमेंट सेवाएं देना शामिल है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
सितंबर तिमाही के नतीजे की बात करें तो कंपनी ने ₹11.42 करोड़ की नेट सेल्स और ₹2.62 करोड़ का नेट प्रॉफिट घोषित किया, जो Q2FY25 के ₹2.70 करोड़ से थोड़ी कम है। पूरे वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेट सेल्स में 220% की बढ़ोतरी के साथ ₹58.99 करोड़ और नेट प्रॉफिट में 93% की छलांग लगाकर ₹7.06 करोड़ दर्ज किया।





