IPO से पहले Jio को बड़ा मुनाफा, अगले हफ्ते होने वाली है नई हलचल
मुख्य बातें
- जून तिमाही के दौरान जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 9.2 प्रतिशत बढ़कर 7,764 करोड़ रुपये रहा
- अब कंपनी आईपीओ की तैयारी में जुट गई है

Reliance Jio IPO: मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, कंपनी अगले हफ्ते IPO की मार्केटिंग शुरू करने की योजना बना रही है। बता दें कि बीते शुक्रवार को ही जियो प्लेटफॉर्म्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा 9.2 प्रतिशत बढ़कर 7,764 करोड़ रुपये रहा।
क्या है प्लान?
मिंट की एक खबर के मुताबिक अगले हफ्ते से बड़े निवेशकों के एक समूह के साथ सॉफ्ट-मार्केटिंग स्टेज को तुरंत शुरू करने की योजना है। इससे औपचारिक रोडशो शुरू होने से पहले बाजार की दिलचस्पी का अंदाजा लग जाएगा।
मिंट से बात करने वाले एक सूत्र ने बताया, "अभी मार्केट में बड़े और मशहूर IPOs के लिए निवेशकों की दिलचस्पी बहुत ज्यादा है। उदाहरण के लिए SBI फंड्स (मैनेजमेंट लिमिटेड) का सब्सक्रिप्शन बहुत जबरदस्त रहा। मणिपाल (हेल्थ एंटरप्राइजेज लिमिटेड) के रोडशो में भी निवेशकों की अच्छी दिलचस्पी दिख रही है। Jio के लिए भी इस पॉजिटिव माहौल का फायदा उठाना आसान होना चाहिए।" हालांकि, मार्केट की स्थितियों और कंपनी के मैनेजमेंट के अंदरूनी फैसलों के आधार पर टाइमलाइन और वैल्यूएशन अभी भी बदल सकते हैं।
आईपीओ पर अपडेट
बता दें कि जियो ने इस आईपीओ के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी, BofA सिक्योरिटीज इंडिया लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, BNP पारिबा, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज को बुक-रनिंग लीड मैनेजर के तौर पर नियुक्त किया है। कंपनी की योजना IPO से जुटाए गए फंड में से ₹27,500 करोड़ तक का इस्तेमाल अपनी मुख्य सब्सिडियरी, रिलायंस Jio इन्फोकॉम लिमिटेड (RJIL) द्वारा लिए गए कुछ कर्जों को समय से पहले चुकाने के लिए करने की है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 11.8 प्रतिशत बढ़कर 39,173 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 35,032 करोड़ रुपये थी। जियो ने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स का राजस्व सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़ा है। इसके पीछे ग्राहक बाजार हिस्सेदारी में लगातार वृद्धि, उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) में बढ़ोतरी और डिजिटल सेवाओं के कारोबार में मजबूत वृद्धि प्रमुख कारण रहे। तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का एआरपीयू 3.3 प्रतिशत बढ़कर 215.6 रुपये हो गया। कंपनी का कस्टमर बेस सालाना आधार पर 7.1 प्रतिशत बढ़कर 53.3 करोड़ हो गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 49.8 करोड़ था।
किसकी कितनी हिस्सेदारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पास जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.43% हिस्सेदारी है। वहीं, मेटा प्लेटफॉर्म्स के पास अपनी सहयोगी कंपनी के जरिए 9.98% और गूगल इंटरनेशनल LLC के पास 7.73% हिस्सेदारी है। KKR & Co और विस्टा इक्विटी पार्टनर्स मैनेजमेंट LLC के पास भी अपनी सहयोगी फंड्स के जरिए 2.31% हिस्सेदारी है।
इसी तरह, सिल्वर लेक के पास 1.88%, मुबाडाला इन्वेस्टमेंट कंपनी के पास 1.85% हिस्सेदारी है जबकि जनरल अटलांटिक और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी के पास क्रमशः 1.34% और 1.16% हिस्सेदारी है। इनमें से कोई भी अपनी हिस्सेदारी नहीं बेच रहा है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

