एलन मस्क के स्टारलिंक को मुकेश अंबानी के रिलायंस का जवाब; कहा, ‘कॉम्पिटिशन से नहीं डरते’
मुख्य बातें
- रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि उसे कॉम्पिटिशन से कभी डर नहीं लगा और वह सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेक्टर में स्टारलिंक सहित सभी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है

भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को लेकर जारी चर्चाओं के बीच मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को आज जवाब दिया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि उसे कॉम्पिटिशन से कभी डर नहीं लगा और वह सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेक्टर में स्टारलिंक सहित सभी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है। रिलायंस ने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी सहयोगी कंपनी जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाओं को भी सरकारी मंजूरियों का इंतजार है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि भारत में कारोबार करने वाली हर कंपनी के लिए कानून का पालन करना और निर्धारित प्रक्रियाओं से गुजरना जरूरी है। कंपनी के मुताबिक, भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारतीय और विदेशी, सभी आवेदकों के लिए एक समान प्रक्रिया लागू होती है।
जियो की सैटेलाइट सेवाओं को भी मंजूरी का इंतजार
रिलायंस ने अपने बयान में विशेष रूप से कहा कि जियो की सैटेलाइट सर्विसेज भी आवश्यक मंजूरियों का इंतजार कर रही हैं। कंपनी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को लेकर स्टारलिंक समेत कई कंपनियों की संभावित एंट्री चर्चा में है।
रिलायंस ने कहा कि इन्वेस्टमेंट और इनोवेशन के लिए खुला माहौल देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन यह व्यवस्था कानून के शासन पर आधारित होनी चाहिए। रिलायंस के अनुसार, हर कंपनी को नियमों और नीतियों का पालन करते हुए भारतीय उपभोक्ताओं को सेवाएं देनी चाहिए।
53 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों का दिया हवाला
रिलायंस ने कंपटीशन के अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि जियो ने वर्ष 2016 में भारतीय टेलीकॉम बाजार में एंट्री किया था। उस समय कंपनी के पास एक भी ग्राहक नहीं था, लेकिन करीब 10 सालों में जियो का 53 करोड़ से अधिक हो गया।
कंपनी ने दावा किया कि जियो ने देश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और किफायती डेटा सेवाओं को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रिलायंस के मुताबिक, प्रतिस्पर्धा का असली पैमाना यह है कि कौन ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देता है।
स्टारलिंक के लिए क्या है रिलायंस का संदेश?
रिलायंस ने साफ किया कि वह सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेक्टर में स्टारलिंक समेत अन्य कंपनियों की मौजूदगी का स्वागत करती है। हालांकि, कंपनी ने जोर दिया कि जियो सहित सभी कंपनियों को भारत के कानूनों और नीतियों का पालन करना होगा।
सैटेलाइट इंटरनेट का बाजार बढ़ने के साथ भारत में कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज होने की संभावना है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए सेवा की गुणवत्ता, इंटरनेट की उपलब्धता और कीमतें अहम मुद्दे होंगे।

