
AI के लिए मुकेश अंबानी का बड़ा दांव, इस राज्य में निवेश करेगी रिलायंस
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज राज्य में 1 गीगावाट का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर स्थापित करेगी। रिलायंस ने पहले ही राज्य में तेल एवं गैस, डिजिटल सेवाओं व खुदरा क्षेत्र में 25 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया है।
मुकेश अंबानी की कंपनी-रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बड़े निवेश का ऐलान किया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज राज्य में 1 गीगावाट का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर स्थापित करेगी। चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रस्तावित एआई डेटा सेंटर को स्थायी रूप से बिजली प्रदान करने के लिए रिलायंस राज्य में छह गीगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना भी विकसित करेगी।
यह आंध्र प्रदेश की वर्तमान भू-स्थित सौर ऊर्जा क्षमता को दोगुना कर देगा। रिन्यूएबल एनर्जी में 30 प्रतिशत से अधिक का योगदान देगा और आंध्र प्रदेश की विशाल सौर क्षमता को दर्शाएगा। रिलायंस ने पहले ही राज्य में तेल एवं गैस, डिजिटल सेवाओं व खुदरा क्षेत्र में 25 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया है।
क्या कहा मुख्यमंत्री ने?
मुख्यमंत्री ने कहा- रिलायंस राज्य में एक गीगावाट का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर स्थापित करेगी। यह पूरी तरह से मॉड्यूलर, भविष्य के लिए तैयार सुविधा है जिसे दुनिया के सबसे अपग्रेडेड जीपीयू, टीपीयू और एआई ‘प्रोसेसर’ को संभालने के हिसाब से तैयार किया जाएगा। यह जामनगर में उनके गीगावाट-स्केल एआई डेटा सेंटर के ट्विन के रूप में काम करेगा जो एशिया के सबसे मजबूत ‘एआई इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क’ में से एक का निर्माण करेगा।
ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड फूड पार्क का निर्माण
उन्होंने कहा कि इसके अलावा रिलायंस, रायलसीमा में एक ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड फूड पार्क का निर्माण करेगी जो एक विश्व स्तरीय स्वचालित सुविधा है। इससे हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष नौकरियां उत्पन्न होंगी और हजारों परिवारों के लिए निरंतर आय के अवसर मिलेंगे। नायडू ने कहा-इन ऐतिहासिक घोषणाओं के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी को हार्दिक धन्यवाद। यह आंध्र प्रदेश की नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा नेतृत्व एवं समावेशी विकास की यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक बहुत सारे अवसर हैं। आपके पास संसाधन, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी जानकारी है। आइए, और हमारे साथ मिलकर काम कीजिए। उन्होंने कहा कि राज्य कृषि, बागवानी, दुग्ध, कॉफी, मसालों और कई अन्य क्षेत्रों में मजबूत स्थिति में है।





