13% गिर गया मुकेश अंबानी की रिलायंस का मुनाफा, निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं
  • इस तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट करीब 13 फीसदी घट गया
  • रिलायंस के बोर्ड ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए प्रति शेयर 6 रुपये के डिविडेंड की भी सिफारिश की है
13% गिर गया मुकेश अंबानी की रिलायंस का मुनाफा, निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 13 फीसदी घट गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही का मुनाफा 16,971 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 19,407 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि, इस अवधि में ऑपरेशन से राजस्व साल-दर-साल 13% बढ़कर 2.98 लाख करोड़ रुपये हो गया। समूचे वित्त वर्ष में कंपनी का नेट प्रॉफिट 80,775 करोड़ रुपये रहा जो 2024-25 के 69,648 करोड़ रुपये की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है।

डिविडेंड का तोहफा

इसके अलावा, रिलायंस के बोर्ड ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए प्रति शेयर 6 रुपये के डिविडेंड की भी सिफारिश की है।

रिलायंस रिटेल का हाल

रिलायंस रिटेल ने मार्च तिमाही में मुनाफे में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी का मुनाफा साल-दर-साल (YoY) 0.5% बढ़कर 3,563 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, ऑपरेशन से होने वाली आय 11% बढ़कर 87,344 करोड़ रुपये हो गई। चौथी तिमाही के लिए कुल आय 98,232 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 11% अधिक है। ऑपरेशन से होने वाला एबिटा 3% बढ़कर 6,690 करोड़ रुपये हो गया।

इसका मार्जिन 7.7% रहा। वहीं, कुल एबिटा की बात करें तो 6,921 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 3% अधिक है। कंपनी ने इस तिमाही के दौरान 333 नए स्टोर खोले, जिससे स्टोर की कुल संख्या बढ़कर 20,160 हो गई। वहीं, ऑपरेशन के लिए उपलब्ध जगह (एरिया) बढ़कर 78.3 मिलियन वर्ग फुट हो गई। इसके रजिस्टर्ड ग्राहकों की संख्या बढ़कर 387 मिलियन हो गई, जबकि कुल लेन-देन पिछले साल के मुकाबले 62% बढ़कर 585 मिलियन हो गया।

जियो प्लेटफॉर्म्स के तिमाही नतीजे

रिलायंस की टेलीकॉम कंपनी- जियो प्लेटफॉर्म्स का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में मुनाफा 13 प्रतिशत बढ़कर 7,935 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान (जनवरी-मार्च) तिमाही में 7,022 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 12.5 प्रतिशत बढ़कर 38,259 करोड़ रुपये हो गई जो वित्त वर्ष 2024-15 की समान तिमाही में 39,853 करोड़ रुपये थी। रिलायंस जियो को संचालित करने वाली इस कंपनी की प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (एआरपीयू) भी बढ़ी है। बता दें कि 2025-26 की चौथी तिमाही में यह 3.8 प्रतिशत बढ़कर 214 रुपये हो गई जो 2024-25 की समान तिमाही में 206.2 रुपये थी।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।