जस्ट डायल को हुआ बड़ा मुनाफा, मुकेश अंबानी के पास कंपनी के इतने शेयर
मुख्य बातें
- जस्ट डायल लिमिटेड ने FY27 के जून तिमाही के लिए अपने नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 4.12% की बढ़ोतरी की जानकारी दी
- शुक्रवार को कंपनी के शेयर की कीमत 3.42% बढ़कर 564.60 रुपये पर पहुंच गई

Justdial share price: मुकेश अंबानी की कई ऐसी कंपनियां हैं जो शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। इनमें से एक कंपनी जस्ट डायल भी है। सर्च इंजन कंपनी जस्ट डायल लिमिटेड ने FY27 के जून तिमाही के लिए अपने नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 4.12% की बढ़ोतरी की जानकारी दी। इस बीच, शुक्रवार को कंपनी के शेयर की कीमत 3.42% बढ़कर 564.60 रुपये पर पहुंच गई। इंट्रा-डे में शेयर 571.95 रुपये पर था। आइए कंपनी के नतीजे के बारे में जान लेते हैं।
जस्ट डायल लिमिटेड का नेट प्रॉफिट एक साल पहले के ₹159.65 करोड़ से बढ़कर ₹166.22 करोड़ हो गया जबकि ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू 9.94% बढ़कर ₹297.86 करोड़ से ₹327.47 करोड़ हो गया। एबिटा की बात करें तो ₹87.40 करोड़ रहा जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹86.44 करोड़ था। वहीं, एबिटा मार्जिन 29.02% से घटकर 26.69% हो गया। इसके अलावा, जस्ट डायल ने मैनेजमेंट में भी बदलाव किया है।
क्या हुआ है बदलाव?
कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि जस्ट डायल ने Flipkart के पूर्व एग्जीक्यूटिव दिनकर अयिलावरपु को अपना चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर-डेजिग्नेट और 'की मैनेजेरियल पर्सनल' नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। अयिलावरपु 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक तौर पर अपना पद संभालेंगे। वह जस्ट डायल के फाउंडर V.S.S. मणि की जगह लेंगे, जिनका मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO के तौर पर कार्यकाल 31 जुलाई 2026 को खत्म हो रहा है।
अयिलावरपु के पास डिजिटल कॉमर्स, रिटेल और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बिजनेस बनाने, बदलने और उसे बढ़ाने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। इससे पहले, उन्होंने Flipkart होलसेल का नेतृत्व किया था, जो भारत भर में दस लाख से अधिक ग्राहकों को सेवा देने वाला एक ओमनीचैनल बिजनेस-टू-बिजनेस प्लेटफॉर्म है।
ई-कॉमर्स कंपनी में शामिल होने से पहले उन्होंने 15 साल तक 'बेन एंड कंपनी' में काम किया। वहां उन्होंने दुनिया भर में टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी क्लाइंट्स के लिए बड़े पैमाने पर बदलाव, मर्जर और टर्नअराउंड प्रोग्राम्स को लीड किया। इसके अलावा, जस्टडायल के बोर्ड ने दिनेश तालुजा के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद से इस्तीफे को नोट किया, जो 10 जुलाई 2026 को कामकाज खत्म होने के समय से लागू होगा। कंपनी ने तालुजा को 11 जुलाई, 2026 से चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर और मुख्य मैनेजरियल अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया है।
अंबानी की रिलायंस रिटेल के पास हिस्सेदारी
बता दें कि कंपनी का नियंत्रण उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स द्वारा किया जाता है। रिलायंस रिटेल के पास 5,42,89,574 शेयर या 63.84 फीसदी की हिस्सेदारी है। इसके अलावा, इंडिविजुअल्स प्रमोटर्स के पास 87,68,658 शेयर या 10.31 फीसदी है।


