प्रॉफिट गिरा लेकिन 106% उछला अंबानी की कंपनी का रेवेन्यू, ₹250 से कम का है शेयर
मुकेश अंबानी की कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 मार्च, 2026 को समाप्त तिमाही के लिए उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 14% घट गया है

मुकेश अंबानी की कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि 31 मार्च, 2026 को समाप्त तिमाही के लिए उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 14% घट गया है और यह अब ₹272 करोड़ है। पिछले साल की इसी अवधि में ₹316 करोड़ था। वहीं, ऑपरेशंस से कुल रेवेन्यू ₹1,019 करोड़ रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के ₹493 करोड़ से 106% अधिक है। कंपनी ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए प्रति इक्विटी शेयर ₹0.60 का डिविडेंड देने की भी सिफारिश की है। कंपनी की सालाना आम बैठक (AGM) की तारीख और डिविडेंड भुगतान की तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।
ब्याज आय कितनी?
मार्च तिमाही में जियो फाइनेंशियल की शुद्ध ब्याज आय ₹202 करोड़ रही जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹81 करोड़ थी। कंपनी की कुल आय ₹3,274 करोड़ रही, जिसमें पिछले साल के मुकाबले 78% की बढ़ोतरी देखने को मिली। इसके अलावा, FY26 में Jio क्रेडिट के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) ₹25,000 करोड़ के पार पहुंच गए जबकि Jio पेमेंट सॉल्युशंस की कुल पेमेंट वैल्यू FY26 में ₹50,000 करोड़ के पार थी।
क्या कहा कंपनी के अधिकारी ने?
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हितेश सेठी ने कहा कि FY26 ग्रोथ के लिहाज से अहम साबित हुआ है। हमारी मजबूत ऑपरेशनल गति इस बात का प्रमाण है कि हमारे ऑफर्स पूरे देश में कितनी लोकप्रिय हो रही हैं। अब हमारी पहुंच 19,000 से अधिक पिनकोड तक फैल चुकी है। हम स्थायी और जिम्मेदार तरीके से ग्रोथ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शेयर का परफॉर्मेंस
जियो फाइनेंशियल के शेयर की बात करें तो यह 243.95 रुपये पर है। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर 1.10% बढ़कर बंद हुआ। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो क्रमश: 338.45 रुपये और 223.30 रुपये है।
कंपनी का क्या है प्लान?
मुकेश अंबानी की कंपनी जियो फाइनेंशियल इस साल साधारण बीमा और जीवन बीमा कारोबार क्षेत्र में उतरने की योजना बना रही है। बीते दिनों कंपनी के मुख्य कार्यकारी और प्रबंध निदेशक हितेश सेठिया ने कहा कि हम 2026 में बीमा व्यवसाय शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं, बशर्ते कि सभी नियामकीय मंजूरियां मिल जाएं। उन्होंने बताया कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज अपनी समान ज्वाइंट वेंचर साझेदार कंपनी आलियांज के साथ मिलकर साधारण और जीवन बीमा कारोबार क्षेत्र में काम करेगी। सेठिया ने कहा कि बीमा कारोबार शुरू करने के लिए कंपनी जरूरी कर्मचारियों की भर्ती और टीम तैयार करने पर काम कर रही है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

