5 साल में 690% रिटर्न देने वाले इस मल्टीबैगर शेयर पर Motilal Oswal बुलिश, 30% तक उछाल की उम्मीद

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • गैब्रिएल इंडिया के शेयर 6 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 1040 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे
  • आज यह शेयर 1005 रुपये पर खुला और 1041.70 रुपये के डे हाई पर पहुंच गया
  • हालांकि एक बार यह 990.40 रुपये के दिन के निचले स्तर को भी टच किया
5 साल में 690% रिटर्न देने वाले इस मल्टीबैगर शेयर पर Motilal Oswal बुलिश, 30% तक उछाल की उम्मीद

ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनी गैब्रिएल इंडिया के शेयरों पर ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने कवरेज शुरू करते हुए ‘Buy’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी में चल रहे पुनर्गठन और कारोबार विस्तार की योजनाओं के चलते शेयर में मौजूदा स्तर से करीब 30% तक की तेजी आ सकती है।

आज दोपहर एक बजे के करीब गैब्रिएल इंडिया के शेयर 6 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 1040 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे। आज यह शेयर 1005 रुपये पर खुला और 1041.70 रुपये के डे हाई पर पहुंच गया। हालांकि एक बार यह 990.40 रुपये के दिन के निचले स्तर को भी टच किया।

5 साल में 690% का मल्टीबैगर रिटर्न

शेयर ने लंबी अवधि में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, गैब्रिएल इंडिया के शेयर ने पिछले 1 साल में करीब 60% और 2 साल में 165% का रिटर्न दिया है। धैर्य रखने वाले निवेशक तो इस कंपनी के शेयरों में पैसा लगाकर मालामाल हो गए। उन्हें 5 साल में 690% और 10 साल में 1,040% का छप्परफाड़ रिटर्न मिला है। इसी वजह से यह शेयर बाजार के प्रमुख मल्टीबैगर शेयरों में शामिल हो गया है।

क्यों उत्साहित है ब्रोकरेज?

मिंट की खबर के मुताबिक मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि Gabriel India अब केवल सस्पेंशन सिस्टम बनाने वाली कंपनी नहीं रहना चाहती, बल्कि खुद को एक डाइवर्सिफाइड मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित कर रही है। इसके लिए कंपनी कई रणनीतिक कदम उठा रही है।

ब्रोकरेज का कहना है कि आनंद ग्रुप की विभिन्न कंपनियों और जॉइंट वेंचर्स को गैब्रिएल इंडिया के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे कंपनी के लिए लंबी अवधि में ग्रोथ के नए अवसर बन सकते हैं।

कारोबार विस्तार से बढ़ सकती है कमाई

रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के साथ जुड़ी इकाइयों की मजबूत बाजार हिस्सेदारी है और वे प्रमुख वाहन निर्माताओं को सप्लाई करती हैं। इससे कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे में आने वाले वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना जताई गई है।

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

हालांकि शेयर पहले ही पिछले कुछ वर्षों में शानदार रिटर्न दे चुका है, लेकिन ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का ट्रांसफॉर्मेशन अभी शुरुआती चरण में है। अगर पुनर्गठन योजनाएं सफल रहती हैं और ऑटो सेक्टर की मांग मजबूत बनी रहती है, तो शेयर में आगे भी अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।

डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश के फैसले से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,