
अडानी की 2 कंपनियों पर बदला मूडीज का मूड, अब फोकस में रहेंगे ग्रुप के शेयर
मूडीज ने अडानी ट्रांसमिशन स्टेप-वन लिमिटेड (ATSOL) और अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड (AEML) के आउटलुक को नेगेटिव से स्टेबल कर दिया है। अब शुक्रवार को अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी।
रेटिंग एजेंसी मूडीज रेटिंग्स ने अडानी ग्रुप की दो कंपनियों को गुड न्यूज दी है। दरअसल, मूडीज ने गुरुवार (15 जनवरी) को अडानी ट्रांसमिशन स्टेप-वन लिमिटेड (ATSOL) और अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड (AEML) के आउटलुक को नेगेटिव से स्टेबल कर दिया है। एजेंसी ने कहा कि उम्मीद है कि अगले 12-18 महीनों में दोनों कंपनियां लिक्विडिटी और क्रेडिट प्रोफाइल तक मजबूत पहुंच बनाए रखेंगी, जो उनकी इन्वेस्टमेंट-ग्रेड Baa3 रेटिंग के मुताबिक होगी।
रेटिंग एजेंसी ने ATSOL और AEML की Baa3 सीनियर सिक्योर्ड रेटिंग्स को बरकरार रखा और AEML के (P)Baa3 सीनियर सिक्योर्ड मीडियम-टर्म नोट प्रोग्राम की भी पुष्टि की। इस पॉजिटिव खबर के बीच अब शुक्रवार को अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी। बता दें कि गुरुवार को मकरसंक्रांति की वजह से शेयर बाजार बंद था।
अडानी पोर्ट्स पर ये है उम्मीद
रेटिंग एजेंसी ने ये भी कहा कि अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) से अगले 12-18 महीनों में लिक्विडिटी और क्रेडिट प्रोफाइल को अपनी Baa3 रेटिंग के हिसाब से बनाए रखने की उम्मीद है। एजेंसी ने कहा कि APSEZ की मजबूत फाइनेंशियल प्रोफाइल को उसके प्लान किए गए ग्रोथ कैपिटल खर्च के विवेकाधीन नेचर और फंडिंग तक लगातार पहुंच से सपोर्ट मिलता है।
इस मामले पर रहेगी मूडीज की नजर
मूडीज ने कहा कि वह अडानी ग्रुप की एक और कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव्स से जुड़े अमेरिका में चल रहे कानूनी मामलों पर नजर रखेगा। इसके साथ ही चेतावनी दी कि कोई भी बड़ा नेगेटिव डेवलपमेंट ग्रुप की कैपिटल तक पहुंच और ग्रोथ के लक्ष्यों को पूरा करने की क्षमता पर असर डाल सकता है। मूडीज ने कहा कि सॉवरेन रेटिंग में सुधार के बिना रेटिंग अपग्रेड की संभावना नहीं है, जबकि क्रेडिट मेट्रिक्स में लगातार कमजोरी या कानूनी मामलों के खराब नतीजों से लिक्विडिटी या ऑपरेशंस पर असर पड़ने पर रेटिंग डाउनग्रेड हो सकती है।





