प्याज के दाम कम करने को चली मोदी की ‘कांदा एक्सप्रेस’

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • प्याज से भरी ट्रेनें, जिन्हें 'कांदा एक्सप्रेस' कहा जा रहा है, नासिक से दिल्ली, चेन्नई, कोच्चि और गुवाहाटी के लिए दौड़ेंगी
  • सबसे बड़ा प्याज उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में खरीफ प्याज की पैदावार में 5% से 7% की गिरावट की खबरें आई हैं, जिसकी वजह से कीमतों में यह उछाल देखने को मिला है

onion price
प्याज के दाम कम करने के लिए मोदी सरकार भी एक्शन मोड में है

मोदी सरकार ने देश भर में बढ़ती प्याज की कीमतों पर काबू पाने के लिए सोमवार से अपना बफर स्टॉक बाजार में उतारना शुरू कर दिया है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, प्याज से भरी ट्रेनें, जिन्हें 'कांदा एक्सप्रेस' कहा जा रहा है, नासिक से दिल्ली, चेन्नई, कोच्चि और गुवाहाटी के लिए दौड़ेंगी। दरअसल, इन्हीं शहरों में प्याज के खुदरा भाव राष्ट्रीय औसत से काफी ऊपर हैं। शनिवार को प्याज का औसत खुदरा दाम 42 रुपये प्रति किलो पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले 45% और पिछले महीने के मुकाबले 19% तक ज्यादा है।

बता दें बड़े शहरों में प्याज और चीनी दोनों के दाम बढ़ने से आम आदमी के घर-गृहस्थी के खर्चे पर काफी दबाव बढ़ गया है। सरकार का कहना है कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक है और वे इस प्याज को कम कीमतों पर चरणबद्ध तरीके से बाजार में जारी करेंगे। अगर छोटे शहरों की बात करें तो कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, बस्ती और सिद्धार्थनगर में प्याज 50 से 55 रुपये किलो बिक रहा है।

क्यों बढ़े प्याज के दाम

बाजार के जानकारों का कहना है कि सबसे बड़ा प्याज उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में खरीफ प्याज की पैदावार में 5% से 7% की गिरावट की खबरें आई हैं, जिसकी वजह से कीमतों में यह उछाल देखने को मिला है।

महानगरों में प्याज की कीमतों का हाल

उपभोक्ता मंत्रालय के आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को दिल्ली में प्याज 65 रुपये किलो बिक रहा था, जबकि पिछले साल यह 35 रुपये था। वहीं चेन्नई में इसकी कीमत 58 रुपये किलो के पार पहुंच गई, जबकि पिछले साल यहां यह 33 रुपये में मिल रहा था। इसके अलावा केरल और असम के कुछ हिस्सों में भी प्याज के दाम काफी ऊंचे बने हुए हैं।

क्या है सरकार की प्लानिंग?

अधिकारियों का कहना है कि प्याज को कम दाम पर बाजार में उतारा जाएगा, लेकिन इसे सोच-समझकर किया जाएगा, क्योंकि कुछ व्यापारी जानबूझकर कीमतें बढ़ा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सरकार और किसानों दोनों के पास आने वाले महीनों की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

खाद्य मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि चीनी का भी पर्याप्त भंडार है। गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी सरकार ने कीमतों पर नियंत्रण के लिए नासिक से दिल्ली और दूसरे राज्यों के लिए 'कांदा एक्सप्रेस' चलाई थी।

कितना प्याज है सरकार के पास और कितने में खरीदा?

किसानों की सहकारी संस्थाएं नैफेड (NAFED) और एनसीसीएफ (NCCF) ने इस वित्त वर्ष के लिए करीब 1.2 लाख टन प्याज की खरीदारी बफर स्टॉक के तौर पर कर ली है। मई महीने में इन दोनों एजेंसियों ने प्याज का खरीद दाम 1,270 रुपये प्रति क्विंटल तय किया था, लेकिन पिछले हफ्ते खरीद में तेजी लाने के लिए इस दाम को बढ़ाकर 2,645 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़प्याज के दाम कम करने को चली मोदी की ‘कांदा एक्सप्रेस’