होम लोन पर 4% की सब्सिडी देगी मोदी सरकार, मिडिल क्लास को स्कीम से बड़ा फायदा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 (PMAY-U 2.0) में ना सिर्फ गरीब वर्ग बल्कि मिडिल क्लास के लिए एक खास स्कीम दी गई है
  • पात्र लाभार्थियों को अधिकतम ₹1.80 लाख की इंटरेस्ट सब्सिडी दी जाती है
होम लोन पर 4% की सब्सिडी देगी मोदी सरकार, मिडिल क्लास को स्कीम से बड़ा फायदा

अपने घर का सपना हर कोई देखता है लेकिन इसे कुछ ही लोग साकार कर पाते हैं। महंगाई के इस दौर में घर खरीदना और मुश्किल होता जा रहा है। हालांकि, केंद्र की नरेद्र मोदी सरकार इस सपने को साकार करने के लिए एक योजना चला रही है। इस योजना के तहत ना सिर्फ सरकार घर बनवाती है बल्कि होम लोन पर ब्याज सब्सिडी भी मिल जाती है। आइए डिटेल में योजना के बारे में जानते हैं।

वैसे तो साल 2015 में प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत हुई लेकिन यह गरीब शहरी और ग्रामीण वर्ग के लिए था। अब केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 (PMAY-U 2.0) में ना सिर्फ गरीब वर्ग बल्कि मिडिल क्लास के लिए एक खास स्कीम दी गई है। इसका मकसद शहरी इलाकों में किफायती घर बनाने, खरीदने या किराए पर लेने के लिए राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों/PLIs के ज़रिए पात्र परिवारों/लाभार्थियों को केंद्रीय सहायता देना है। इस योजना के तहत इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम (ISS) में ही होम लोन पर ब्याज सब्सिडी मिलती है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि EWS/LIG/MIG कैटेगरी के पात्र लाभार्थियों को घर खरीदने/दोबारा खरीदने/बनाने के लिए सितंबर 2024 या उसके बाद मंजूर और जारी किए गए होम लोन पर सब्सिडी दी जाती है। EWS, LIG ​​और MIG कैटेगरी के परिवार वो होते हैं जिनकी सालाना आय क्रमशः ₹3 लाख, ₹6 लाख और ₹9 लाख तक है। वे इस स्कीम का लाभ उठाने के पात्र होंगे।

लोन पर सब्सिडी

पात्र लाभार्थियों को अधिकतम ₹1.80 लाख की इंटरेस्ट सब्सिडी दी जाती है। ये फायदा उन्हें ही मिलता है जिनका लोन का समय पांच साल से अधिक है। ₹9 लाख तक की आय वाले परिवार, जिनकी प्रॉपर्टी की कीमत ₹35 लाख तक है और लोन की रकम ₹25 लाख तक है, वे 12 साल तक के समय के लिए पहले ₹8 लाख पर 4% की सब्सिडी के पात्र होते हैं। इस हिस्से के तहत घरों का अधिकतम कारपेट एरिया 120 वर्ग मीटर तक होता है।

इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम के तहत लाभ उठाने के लिए पात्र लाभार्थियों को यूनिफाइड वेब पोर्टल के जरिए अपनी मांग रजिस्टर करनी होगी। इसके बाद, पात्रता के आधार पर आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए एप्लीकेशन को आगे बढ़ाना होगा।

सब्सिडी लाभार्थियों के लोन अकाउंट में डायरेक्ट ट्रांसफर यानी DBT के जरिए 5-सालाना किश्तों में जारी की जाएगी, बशर्ते सब्सिडी जारी होने के समय लोन चालू हो और 50% से अधिक मूलधन बकाया हो। सब्सिडी की रकम को उधारकर्ता के मूल लोन अमाउंट से घटाकर सीधे उनके अकाउंट में जमा करेगा। उधारकर्ता बाकी बचे मूल लोन अमाउंट पर तय ब्याज दरों के हिसाब से EMI का भुगतान करेगा।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।