हर ग्राम पर ₹10000 से ज्यादा का फायदा, मोदी सरकार की गोल्ड स्कीम ने किया मालामाल
मुख्य बातें
- RBI ने SGB 2019-20 सीरीज-II के समय से पहले (प्री-मैच्योर) रिडेम्प्शन के लिए ₹14,199 प्रति ग्राम का रिडेम्प्शन प्राइस तय किया है
- इस बार 13, 14 और 15 जुलाई 2026 के भाव के आधार पर यह कीमत तय की गई है

Sovereign Gold Bond: सोने की बढ़ती कीमतों के बीच वो लोग ज्यादा फायदे में हैं जिन्होंने मोदी सरकार की गोल्ड स्कीम में निवेश किया होगा। मोदी सरकार की ये स्कीम सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) है। जिन निवेशकों ने साल 2019 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश किया था उन्हें अब बड़ा तोहफा मिलने वाला है। दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने SGB 2019-20 सीरीज-II के समय से पहले (प्री-मैच्योर) रिडेम्प्शन के लिए ₹14,199 प्रति ग्राम का रिडेम्प्शन प्राइस तय किया है। इस कीमत पर निवेशकों को हर ग्राम पर ₹10,000 से ज्यादा का मुनाफा मिल रहा है। यह कीमत उन निवेशकों पर लागू होगी, जो 16 जुलाई 2026 को अपने बॉन्ड रिडीम कराना चाहते हैं।
क्या है मामला?
मोदी सरकार की इस योजना के तहत, निवेशक अपने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को तय 8 साल की मैच्योरिटी से पहले, जारी होने की तारीख से पांच साल पूरे होने पर रिडीम कर सकते हैं, बशर्ते रिडेम्पशन की तारीख ब्याज भुगतान की तारीख हो। रिडेम्पशन की कीमत, इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा पिछले तीन कामकाजी दिनों के लिए पब्लिश की गई 999 शुद्धता वाले सोने की क्लोजिंग कीमत के साधारण औसत का इस्तेमाल करके तय की जाती है। इस बार 13, 14 और 15 जुलाई 2026 के भाव के आधार पर यह कीमत तय की गई है। RBI ने रिडेम्पशन की कीमत ₹14,199 प्रति ग्राम तय की है।
दरअसल, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड जुलाई 2019 में जारी हुआ था। ऑनलाइन आवेदन कर डिजिटल भुगतान करने वाले निवेशकों को ₹3393 प्रति ग्राम की दर से बॉन्ड मिला था जबकि अन्य निवेशकों के लिए इसकी कीमत ₹3443 प्रति ग्राम थी। अब ₹14,199 प्रति ग्राम के रिडेम्प्शन प्राइस पर ऑनलाइन निवेशकों को प्रति ग्राम ₹10,806 का लाभ मिलेगा, जो करीब 318.5% का रिटर्न है।
वहीं, ऑफलाइन निवेशकों को प्रति ग्राम ₹10,756 यानी लगभग 312.4% का रिटर्न मिलेगा। इसमें बॉन्ड पर मिलने वाला 2.5% सालाना ब्याज शामिल नहीं है। यह ब्याज हर छह महीने में निवेशकों के बैंक खाते में जमा किया जाता है।
रकम के हिसाब से समझें
उदाहरण के लिए, जिस निवेशक ने जारी होने के समय ऑनलाइन तरीके से इस किश्त में लगभग ₹1 लाख का निवेश किया था उसे समय से पहले रिडेम्पशन (पैसे वापस लेने) पर लगभग ₹4.18 लाख मिलेंगे। इसमें पिछले पांच वर्षों में मिले ब्याज को शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में मिला 2.5% सालाना ब्याज अलग से मिलेगा, जिससे कुल रिटर्न और भी आकर्षक हो जाता है।
टैक्स का गणित समझें
1 अप्रैल 2026 से लागू नए टैक्स नियमों के अनुसार यदि कोई निवेशक पांच साल बाद समय से पहले बॉन्ड रिडीम करता है, तो उस पर लागू नियमों के अनुसार कैपिटल गेन टैक्स देना होगा। टैक्स में पूरी छूट केवल उन मूल निवेशकों को मिलेगी, जो अपने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को पूरे 8 साल की मैच्योरिटी तक होल्ड करेंगे।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

