सरकारी कंपनी में हिस्सेदारी बेचेगी मोदी सरकार, ₹276 का है शेयर, निवेशकों की रहेगी नजर
इस बिक्री को लेकर डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) ने आज बैंकरों से फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। अगर यह सौदा पूरा होता है, तो सरकार को इससे लगभग ₹4,500 करोड़ जुटाने की उम्मीद है।

BHEL Share: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) में अपनी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है। सरकार ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए महारत्न कंपनी में करीब 5% तक की हिस्सेदारी बेच सकती है। सूत्रों के मुताबिक, OFS का फ्लोर प्राइस ₹255 से ₹260 प्रति शेयर के बीच तय किया जा सकता है। इस बिक्री को लेकर डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) ने आज बैंकरों से फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। अगर यह सौदा पूरा होता है, तो सरकार को इससे लगभग ₹4,500 करोड़ जुटाने की उम्मीद है।
कंपनी को ₹2,800 करोड़ का बड़ा ऑर्डर
इसी बीच BHEL के लिए एक और बड़ी पॉजिटिव खबर सामने आई है। कंपनी को भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) से करीब ₹2,800 करोड़ का बड़ा ऑर्डर मिला है। यह रकम कस्टम ड्यूटी और GST को छोड़कर है। BCGCL, कोल इंडिया लिमिटेड (51%) और BHEL (49%) का जॉइंट वेंचर है। यह प्रोजेक्ट ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर में लगाया जाएगा, जहां कोयले से रोज़ाना 2,000 टन अमोनियम नाइट्रेट बनाने की योजना है।
इस ऑर्डर के तहत BHEL को सिन्गैस प्यूरिफिकेशन प्लांट का काम सौंपा गया है, जो LSTK-2 पैकेज का हिस्सा है। कंपनी इस प्रोजेक्ट में डिज़ाइन, इंजीनियरिंग, मशीनरी की सप्लाई, सिविल वर्क, इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और उसके बाद ऑपरेशन व मेंटेनेंस तक की ज़िम्मेदारी निभाएगी। प्रोजेक्ट को 42 महीनों के भीतर चालू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें परफॉर्मेंस गारंटी टेस्ट भी शामिल होंगे। इसके बाद BHEL अगले 60 महीनों तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस सेवाएं देगा।
शेयरों पर असर
इन तमाम खबरों का असर BHEL के शेयर पर भी दिखा। मंगलवार को BHEL का शेयर ₹276.05 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से ₹1.45 यानी 0.53% की बढ़त दर्शाता है। एक तरफ जहां सरकार की हिस्सेदारी बिक्री की खबर है, वहीं दूसरी ओर कंपनी को मिले बड़े ऑर्डर से निवेशकों का भरोसा भी बना हुआ दिख रहा है। आने वाले दिनों में OFS की घोषणा और ऑर्डर बुक की स्थिति पर BHEL के शेयर की चाल पर निवेशकों की खास नजर रहेगी।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें


