PM-किसान पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला, 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को फायदा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को अगले पांच वर्षों के लिए वित्त वर्ष 2030-31 तक पीएम-किसान योजना के विस्तार को मंजूरी दी
  • इसका फायदा करोड़ों किसानों को होगा
PM-किसान पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला, 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को फायदा
मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने कैबिनेट बैठक में एक अहम फैसला लिया है। इसके तहत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना को अगले पांच साल 2030-31 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये के व्यय को मंजूरी दे दी गई है। यह जानकारी सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है। इसके अलावा, मोदी कैबिनेट ने 'प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना' (PM-SSY) को मंजूरी दे दी है।

बहरहाल, पीएम-किसान पर खुशखबरी ऐसे समय में आई है जब योजना के लाभार्थी किसान 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि 24वीं किस्त अक्टूबर के महीने में जारी कर दी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नवरात्रि के दौरान किस्त जारी की जा सकती है।

23 किस्तों में 4.47 लाख करोड़ रुपये

पीएम-किसान योजना के तहत 23 किस्तों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। 23वीं किस्त के तहत 9.49 करोड़ से अधिक किसानों को फायदा पहुंचा। आंकड़े बताते हैं कि सरकार ने लाभार्थियों के खाते में 18,984 करोड़ रुपये से अधिक रकम जारी की थी। कोविड-19 महामारी के दौरान, किसानों को आर्थिक मदद देने के लिए 1.71 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि बांटी गई। PM-KISAN के तहत महिला किसानों को 1.06 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रकम मिली है और हर चार लाभार्थियों में से लगभग एक महिला किसान है।

2019 में शुरुआत

बता दें कि साल 2019 में योजना की शुरुआत हुई थी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को 6,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता मिलती है। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में दी जाती है।

ई-केवाईसी जरूरी

पीएम-किसान योजना के लाभ के लिए ई-केवाईसी जरूरी होता है। यह ओटीपी-आधारित प्रमाणीकरण, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और चेहरे की प्रमाणीकरण के जरिए किया जा सकता है। पीएम-किसान वेब पोर्टल लाभार्थी पंजीकरण, सत्यापन और डेटा प्रबंधन के लिए केंद्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करता है।

मोदी सरकार के अन्य फैसले

इसके अलावा, सरकार की कैबिनेट ने 'प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना' (PM-SSY) को मंजूरी दे दी है। इस योजना का मकसद देश में फ्लोटिंग सोलर फोटोवोल्टिक (FSPV) क्षमता को बढ़ाना है। इस योजना के तहत पांच सालों में 5,000 MW की FSPV क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जो अभी लगी हुई लगभग 700 MW क्षमता से सात गुना से भी अधिक है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़PM-किसान पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला, 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को फायदा