पीएम धन धान्य कृषि योजना को सरकार से मंजूरी, 1.7 करोड़ किसानों को होगा फायदा, जानिए कैसे

Varsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share

कैबिनेट मीटिंग में प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना को आज मंजूरी दे दी गई है। प्रधानमंत्री धन-धान्‍य कृषि योजना 100 कम फसल प्रोडक्टिविटी वाले जिलों में शुरू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्‍य खेती में नई टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देना है और फसल डायवर्सिफिकेशन लाना है।  

पीएम धन धान्य कृषि योजना को सरकार से मंजूरी, 1.7 करोड़ किसानों को होगा फायदा, जानिए कैसे

PM Dhan Dhanya Krishi Yojana: मोदी सरकार की कैबिनेट बैठक में आज बुधवार को तीन अहम फैसले लिए गए हैं। इनमें से एक किसानों के हित में लिया गया फैसला है। कैबिनेट मीटिंग में 'प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना' को आज मंजूरी दे दी गई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 24,000 करोड़ रुपये के सालाना के खर्च के साथ पीएम धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दी, इसमें 36 योजनाओं को शामिल किया जाएगा। बता दें कि बजट 2025 के दौरान इस योजना की घोषणा की गई थी।सरकार की इस योजना के तहत 1.7 करोड़ किसानों की फसल प्रोडक्टिविटी को मदद मिलेगी। यह योजना खेती को आधुनिक बनाएगी और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद करेगी। इस योजना के तहत उन किसानों को फायदा होगा, जिनके राज्यों में फसल की पैदावार कम होती है।

1.7 करोड़ किसानों को होगा फायदा

प्रधानमंत्री धन-धान्‍य कृषि योजना 100 कम फसल प्रोडक्टिविटी वाले जिलों में शुरू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्‍य खेती में नई टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देना है और फसल डायवर्सिफिकेशन लाना है। इसके अलावा, पंचायत और प्रखंड स्‍तर पर उपज भंडारण बढ़ाना, सिंचाई की सुविधाओं में सुधार करना और लंबी अवधि और छोटी अवधि लोन की उपलब्‍धतता सुगम बनाना है। इस कार्यक्रम से 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलने की संभावना है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना फसल कटाई के बाद भंडारण क्षमता बढ़ाएगी, सिंचाई सुविधाओं में सुधार करेगी और कृषि उत्पादकता को बढ़ाएगी। इस योजना के लिए सालाना 24,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया जाएगा। छह साल तक चलने वाली इस योजना के दायरे में देश के 100 जिले शामिल किए जाएंगे।

रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में निवेश पर भी फैसला

प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना की मंजूरी के अलावा, कैबिनेट ने सोलर, विंड और ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने के लिए एनटीपीसी की सहायक कंपनी एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में 20,000 करोड़ रुपये की इक्विटी निवेश को मंजूरी दे दी है। अब तक, एनटीपीसी ने एनजीईएल में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। ग्रीन एनर्जी पोर्टफोलियो में वर्तमान में 6 गीगावाट की परिचालन क्षमता और 26 गीगावाट निर्माणाधीन क्षमता शामिल है। 2032 तक इसे 60 गीगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य है। वैष्णव ने यह भी स्पष्ट किया कि कैबिनेट ने एनटीपीसी और एनएलसी को ये धनराशि जुटाने की मंजूरी दे दी है। सरकार ने अपने क्लीन एनर्जी सेक्टर का विस्तार करने के लिए 7,000 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी है। यह निवेश नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन (एनएलसी) की पूर्ण स्वामित्व वाली शाखा, एनएलसी इंडिया रिन्यूएबल्स लिमिटेड (एनआईआरएल) को सहायता प्रदान करेगा। इस योजना के तहत, एनएलसी से 6,263 करोड़ रुपये मूल्य की रिन्यूएबल एनर्जी परिसंपत्तियां एनआईआरएल को हस्तांतरित की जाएंगी। चल रही क्लीन एनर्जी परियोजनाओं में अतिरिक्त 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,