रक्षा मंत्रालय से मिला 5000 करोड़ रुपये का ऑर्डर, मिनीरत्न कंपनी के शेयरों में तूफानी तेजी
मिनीरत्न कंपनी कोचीन शिपयार्ड के शेयर 7% से अधिक के उछाल के साथ 1575 रुपये पर पहुंच गए हैं। कोचीन शिपयार्ड को रक्षा मंत्रालय से 5000 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। ऑर्डर के तहत कंपनी को भारतीय नौसेना के लिए 5 सर्वे वेसेल्स का निर्माण करना है।

मिनीरत्न कंपनी कोचीन शिपयार्ड के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है। शिप बिल्डिंग इंडस्ट्री से जुड़ी इस कंपनी के शेयर मंगलवार को BSE में 7 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 1575 रुपये पर पहुंच गए हैं। एक बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद कोचीन शिपयार्ड के शेयरों में यह तेजी देखने को मिली है। कोचीन शिपयार्ड को रक्षा मंत्रालय से 5000 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर के तहत कंपनी को भारतीय नौसेना के लिए 5 सर्वे वेसेल्स का निर्माण करना है।
नेक्स्ट जेनरेशन सर्वे वेसेल्स बनाएगी कंपनी
कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (Cochin Shipyard) ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि उसे मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस की तरफ से जारी किए गए एक टेंडर में लोएस्ट बिडर (सबसे कम बोली लगाने वाला या L1) घोषित किया गया है। इस टेंडर के तहत इंडियन नेवी के लिए अगली पीढ़ी के 5 सर्वे वेसेल्स (NGSV) बनाने हैं। प्रस्तावित कॉन्ट्रैक्ट करीब 5000 करोड़ रुपये का है और कोचीन शिपयार्ड के लिए एक बड़ा संभावित ऑर्डर है। मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस, नई दिल्ली में एक मीटिंग के बाद यह अनाउंसमेंट किया गया है।
750% से ज्यादा उछल गए हैं कोचीन शिपयार्ड के शेयर
मिनीरत्न कंपनी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (Cochin Shipyard) के शेयर पिछले 5 साल में 750 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 19 फरवरी 2021 को 181.45 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 17 फरवरी 2026 को 1575 रुपये पर जा पहुंचे हैं। अगर पिछले 4 साल में देखें तो कोचीन शिपयार्ड के शेयरों में 890 पर्सेंट की तूफानी तेजी देखने को मिली है। पिछले 3 साल में कोचीन शिपयार्ड के शेयर 530 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। पिछले 2 साल में कंपनी के शेयरों में 85 पर्सेंट से अधिक का उछाल आया है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 30 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। कोचीन शिपयार्ड के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 2547.25 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 1180.45 रुपये है।
2 टुकड़ों में बंट चुका है कोचीन शिपयार्ड का शेयर
मिनीरत्न कंपनी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (Cochin Shipyard) अपने शेयर का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) भी कर चुकी है। कंपनी ने अपने शेयर को 2 टुकड़ों में बांटा है। कोचीन शिपयार्ड ने जनवरी 2024 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 5-5 रुपये फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में बांटा है। कोचीन शिपयार्ड का मार्केट कैप मंगलवार को 40,500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें



