कर्मचारियों की बढ़ गई मिनिमम पेंशन रकम? EPFO ने बता दिया पूरा सच
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि कर्मचारी पेंशन योजना (EPS-95) के तहत न्यूनतम पेंशन राशि बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रति माह कर दी गई है। अब EPFO ने इसका पूरा सच बता दिया।

अगर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के कर्मचारी हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि कर्मचारी पेंशन योजना (EPS-95) के तहत न्यूनतम पेंशन राशि बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रति माह कर दी गई है। अब EPFO ने इस पर बयान दिया है।
क्या है मामला?
सोशल मीडिया पर एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि कर्मचारी पेंशन योजना के तहत न्यूनतम पेंशन राशि बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रति माह कर दी गई है। इस नोटिफिकेशन में यह भी बताया गया है कि बढ़ी हुई पेंशन 30 अप्रैल, 2026 से लागू होगी और संशोधित दर पर भुगतान 1 मई, 2026 से शुरू होगा। इस पत्र के मुताबिक सभी संबंधित विभागों और पेंशन बांटने वाली एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस प्रक्रिया को तुरंत और समय पर लागू करना सुनिश्चित करें। हालांकि, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अब स्पष्ट किया है कि वह पत्र नकली है। EPFO ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- न्यूनतम EPS पेंशन में बढ़ोतरी को लेकर जो चिट्ठी सर्कुलेट हो रही है, वह पूरी तरह से नकली है।
आई थी ये खबर
बीते दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि श्रम और रोजगार मंत्रालय न्यूनतम EPS पेंशन को 1,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर अधिक करने पर विचार कर रहा है। हालांकि, सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि EPS की न्यूनतम पेंशन कितनी बढ़ाई जाएगी लेकिन इस बढ़ोतरी से EPFO के उन कई सदस्यों को फायदा होने की संभावना है, जो न्यूनतम सीमा से कम पेंशन के हकदार हैं। जो कर्मचारी अपनी मासिक सैलरी से EPS में योगदान देते हैं (जिसमें सैलरी की ऊपरी सीमा 15,000 रुपये प्रति माह है) और जिन्होंने कम से कम 10 साल तक योगदान दिया है, वे आम तौर पर EPS पेंशन के हकदार होते हैं।
कुछ कर्मचारी, जो 1 सितंबर, 2024 से पहले इस स्कीम में शामिल हुए थे और जिन्होंने 15,000 रुपये की सैलरी सीमा से अधिक अपनी बेसिक सैलरी के आधार पर EPS में अधिक योगदान देने का विकल्प चुना था, वे सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के कारण पहले से ही अधिक EPS पेंशन के हकदार हैं। चूंकि उन्हें पहले से ही अधिक पेंशन मिल रही है, इसलिए इस बात की बहुत कम संभावना है कि न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी का उन पर कोई असर पड़ेगा, जब तक कि यह बढ़ोतरी बहुत अधिक न हो।
इस स्कीम में एक अहम बदलाव 2014 में हुआ, जब सरकार ने यह घोषणा की कि 1 सितंबर, 2014 से, कोई भी नया कर्मचारी जो किसी कंपनी में 15,000 रुपये प्रति माह से अधिक की बेसिक सैलरी पर काम शुरू करता है, वह सिर्फ EPF में शामिल हो सकता है और EPS पेंशन फंड का सदस्य नहीं बन सकता।
EPS पेंशन में कितना योगदान होता है?
हर महीने EPFO कर्मचारी की सैलरी से EPS पेंशन के लिए तय रकम काट लेता है। यह कटौती कर्मचारी की बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) के 8.33% या 1,250 रुपये, इनमें से जो भी अधिक हो, उतनी होती है। पेंशन की गणना पेंशन योग्य सेवा और पेंशन योग्य सैलरी के आधार पर की जाएगी, जिसमें सदस्य पेंशन और विधवा/विधुर/नॉमिनी/आश्रित माता-पिता की पेंशन के लिए कम से कम 1,000 रुपये और बच्चों की पेंशन के लिए 250 रुपये के अलावा अनाथ बच्चों की पेंशन के लिए 750 रुपये की न्यूनतम सीमा तय है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

