पहले ही दिन लोगों का पैसा दोगुना, बाजार में उतरते ही 99.49% चढ़ गया यह शेयर
मुख्य बातें
- मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयरों ने बाजार में उतरते ही लोगों का पैसा दोगुना कर दिया है
- IPO में कंपनी के शेयर का दाम 331 रुपये था
- कंपनी के शेयर मंगलवार को 90% फायदे के साथ 628.90 रुपये पर लिस्ट हुए हैं
- लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयर उछलकर 660.30 रुपये पर जा पहुंचे हैं

Millworks Technologies IPO: मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज ने शेयर बाजार में एंट्री करते ही लोगों को मालामाल कर दिया है। कंपनी की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई है। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयर मंगलवार को BSE में 90 पर्सेंट के फायदे के साथ 628.90 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 331 रुपये था। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ दांव लगाने के लिए 14 जुलाई को खुला था और यह 16 जुलाई तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 160 करोड़ रुपये तक का था।
लिस्टिंग के बाद शेयरों ने मचाया और धमाल
90% फायदे वाली लिस्टिंग के बाद मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयरों में और तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर शानदार लिस्टिंग के ठीक बाद 5 पर्सेंट और चढ़कर 660.30 रुपये पर पहुंच गए हैं। यानी, कंपनी के शेयरों ने बाजार में उतरते ही निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है। IPO प्राइस के मुकाबले मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयर पहले ही दिन करीब 100 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी का मार्केट कैप मंगलवार को 1163 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
IPO पर लगा 219 गुना से ज्यादा दांव
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ (Millworks Technologies IPO) टोटल 219.54 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या इंडीविजुअल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में 216.60 गुना दांव लगा था। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 260.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 194.05 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ की दो लॉट में 800 शेयर थे।
क्या करती है कंपनी?
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज (Millworks Technologies) एक प्रिसिशन इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। रेलवे, एयरोस्पेस, डिफेंस, मेट्रो रेल, ड्रोन और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्रीज के लिए हाई-प्रिसिशन कंपोनेंट्स और असेंबलीज के डिजाइन, डिवेलपमेंट और प्रॉडक्शन में कंपनी का स्पेशलाइजेशन है। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज की शुरुआत नवंबर 2021 में हुई है। कंपनी रेलवे कोच कंपोनेंट्स, ब्रेकिंग सिस्टम्स, डोर मैकेनिज्म, मेट्रो ट्रेन कप्लर्स, एयरोस्पेस एंड एयरोनॉटिकल कंपोनेंट्स, ड्रोन पार्ट्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इक्विपमेंट के लिए प्रिसिशन कंपोनेंट्स बनाती है।
IPO से जुटाए गए पैसों का क्या करेगी कंपनी
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज (Millworks Technologies) आईपीओ से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल प्लांट एंड मशीनरी खरीदने, कंपनी की वर्किंग कैपिटल से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने और जनरल कॉरपोरेट पर्पज में करेगी। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 65.08 पर्सेंट थी, जो कि अब 47.18 पर्सेंट रह गई है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


