हर शेयर पर 400 रुपये का 'फायदा', इस IPO पर टूटे लोग, दांव लगाने को बचे हैं चंद घंटे
मुख्य बातें
- मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ बस चंद घंटे और खुला है
- कंपनी का आईपीओ 16 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए बंद हो जाएगा
- कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में धमाल मचाए हुए हैं, शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम 400 रुपये पहुंच गया है

Millworks Technologies IPO: मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ पर दांव लगाने के लिए लोग टूट पड़े हैं। आईपीओ में दांव लगाने का आज आखिरी दिन है। कुछ ही घंटों बाद कंपनी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए बंद हो जाएगा। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ पर गुरुवार 16 जुलाई दोपहर 12.30 बजे तक 112 गुना से ज्यादा दांव लग गया है। कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में भी दहाड़ रहे हैं। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयर ग्रे मार्केट में 120 पर्सेंट से ज्यादा के प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 14 जुलाई को खुला था।
331 रुपये शेयर का दाम, 400 रुपये पहुंच गया GMP
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज (Millworks Technologies) के आईपीओ में शेयर का दाम 331 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 400 रुपये या 120.85 पर्सेंट के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों का मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) शेयरों के लिस्टिंग वाले दिन बंपर मुनाफे का संकेत दे रहा है।
112 गुना से ज्यादा लग गया दांव
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ (Millworks Technologies IPO) गुरुवार दोपहर 12.30 बजे तक 112.32 गुना सब्सक्राइब हो गया है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या इंडीविजुअल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में 140.52 गुना दांव लग गया है। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 166.32 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी में 22.44 गुना दांव लगा है। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते हैं। आईपीओ की दो लॉट में 800 शेयर हैं।
क्या करती है मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की शुरुआत नवंबर 2021 में हुई है। मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड एक प्रिसिशन इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। रेलवे, एयरोस्पेस, मेट्रो रेल और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्रीज के लिए हाई-प्रिसिशन कंपोनेंट्स और असेंबलीज के डिजाइन, डिवेलपमेंट और प्रॉडक्शन में कंपनी का स्पेशलाइजेशन है। कंपनी रेलवे कोच कंपोनेंट्स, ब्रेकिंग सिस्टम्स, डोर मैकेनिज्म, मेट्रो ट्रेन कप्लर्स, एयरोस्पेस एंड एयरोनॉटिकल्स कंपोनेंट्स, ड्रोन पार्ट्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इक्विपमेंट के लिए प्रिसिशन कंपोनेंट्स बनाती है।
IPO के पैसों का क्या करेगी कंपनी
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ का टोटल साइज 160 करोड़ रुपये तक का है। आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी प्लांट एंड मशीनरी खरीदने, कंपनी वर्किंग कैपिटल से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने और जनरल कॉरपोरेट पर्पज में करेगी। श्रीधर आचार्य, एचके मधु, सौम्या मधु और रश्मि श्रीधर आचार्य कंपनी के प्रमोटर्स हैं। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 65.08 पर्सेंट है।


