
पहली बार बोनस शेयर का ऐलान, 1 पर 3 शेयर फ्री देगी कंपनी, रॉकेट बना भाव
Bonus share: कंपनी 3:1 के रेशियो में बोनस इश्यू लाएगी। यानी जिन निवेशकों के पास 1 शेयर है, उन्हें 3 अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेंगे। सभी शेयर ₹2 के फेस वैल्यू के होंगे। हालांकि, इसके लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है।
Metropolis Healthcare Ltd Share: मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर लिमिटेड के शेयर आज गुरुवार, 5 फरवरी को फोकस में हैं। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 2 पर्सेंट तक चढ़कर 1,928.50 रुपये पर आ गए थे। दरअसल, कंपनी के बोर्ड ने पहली बार बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दी है। कंपनी 3:1 के रेशियो में बोनस इश्यू लाएगी। यानी जिन निवेशकों के पास 1 शेयर है, उन्हें 3 अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेंगे। सभी शेयर ₹2 के फेस वैल्यू के होंगे। हालांकि, इसके लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है। बोनस शेयर का यह प्रस्ताव कंपनी की आम बैठक और जरूरी वैधानिक व नियामकीय मंजूरियों के बाद लागू होगा।
कंपनी का पहला बोनस शेयर
यह मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर का अब तक का पहला बोनस इश्यू होगा, जिससे निवेशकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। कंपनी अब तक अपने शेयरधारकों को ₹40 प्रति शेयर का डिविडेंड दे चुकी है, जिसकी शुरुआत साल 2020 से हुई थी। बोनस इश्यू का फैसला यह दिखाता है कि कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत है और मैनेजमेंट भविष्य को लेकर कॉन्फिडेंट नजर आ रहा है।
दिसंबर तिमाही के नतीजे
दिसंबर तिमाही (Q3) के नतीजों की बात करें तो मेट्रोपोलिस ने मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 26% बढ़कर ₹429.19 करोड़ पहुंच गया। वहीं, मुनाफा भी 32% की बढ़त के साथ ₹52.67 करोड़ रहा। कंपनी के मुताबिक, मरीजों की संख्या में 14% और टेस्ट वॉल्यूम में 13% की बढ़ोतरी हुई है, जो बिजनेस ग्रोथ का साफ संकेत है। कंपनी के ट्रूहेल्थ और स्पेशलिटी पोर्टफोलियो ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जहां क्रमशः 37% और 34% की ग्रोथ दर्ज की गई। रेवेन्यू प्रति टेस्ट 11% और रेवेन्यू प्रति मरीज 10% बढ़ा है। मेट्रोपोलिस ने बताया कि हाल ही में की गई उसकी सभी अधिग्रहण योजनाबद्ध तरीके से इंटीग्रेट हो चुकी हैं और कोर डायग्नॉस्टिक्स बिजनेस में मार्जिन स्थिर बना हुआ है। शेयर बुधवार को ₹1,891.25 पर बंद हुआ था। पिछले एक महीने में शेयर करीब 8% टूटा है, जबकि IPO प्राइस ₹880 से अब तक इसमें लगभग 120% की तेजी आ चुकी है।





