
IPO मार्केट में एक और एडुटेक कंपनी, सेबी ने गुपचुप जमा कराए दस्तावेज
संक्षेप: सास (SaaS) आधारित एनरोलमेंट ऑटोमेशन सॉल्यूशन प्रोवाइडर इस कंपनी ने आईपीओ के माध्यम से फंड जुटाने के लिए गोपनीय तरीके से बाजार नियामक सेबी के पास प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। बता दें कि नवीन गोयल द्वारा 2017 में स्थापित कंपनी है।
Nopaperforms IPO: आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) मार्केट में एजुकेशन सेक्टर से जुड़ी एक और कंपनी आईपीओ लेकर आ रही है। इस कंपनी का नाम नोपेपरफॉर्म्स है। सास (SaaS) आधारित एनरोलमेंट ऑटोमेशन सॉल्यूशन प्रोवाइडर इस कंपनी ने आईपीओ के माध्यम से फंड जुटाने के लिए गोपनीय तरीके से बाजार नियामक सेबी के पास प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। बता दें कि नवीन गोयल द्वारा 2017 में स्थापित कंपनी को Infoedge का समर्थन है। यह कंपनी शिक्षा क्षेत्र में काम करने वाले संस्थानों के लिए एकीकृत डिजिटल सॉल्यूशन उपलब्ध कराता है। इसका प्लेटफॉर्म छात्र नामांकन से लेकर पूरे छात्र जीवनचक्र और छात्र सफलता व परिणाम प्रबंधन तक की प्रक्रियाओं को डिजिटल रूप से स्वचालित करने में मदद करता है।

कई देशों में ग्राहक
वर्तमान में यह कंपनी भारत, संयुक्त अरब अमीरात और दक्षिण पूर्व एशिया में 1,000 से अधिक ग्राहकों को सर्विसेज प्रोवाइड करती है। कंपनी का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में पारंपरिक कागजी प्रक्रियाओं को खत्म कर एडुटेक को अधिक कुशल, पारदर्शी और डेटा-ड्रिवन बनाना है। नोपेपरफॉर्म्स के समाधान का उपयोग देश के कई प्रमुख विश्वविद्यालय, कॉलेज और प्रशिक्षण संस्थान करते हैं। कंपनी ने गोपनीय प्री-फाइलिंग का रास्ता चुना है, जिससे वह ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के तहत आईपीओ विवरणों का सार्वजनिक खुलासा बाद के चरणों तक रोक सकती है। यह रास्ता उन भारतीय कंपनियों के बीच लोकप्रिय हो रहा है जो अपनी आईपीओ योजनाओं में लचीलापन चाहती हैं।
कई कंपनियों ने गोपनीय फाइलिंग की
हाल के महीनों में, लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज, कॉमर्स इनेबलमेंट प्लेटफॉर्म शिप्रॉकेट, टाटा कैपिटल, एडटेक यूनिकॉर्न फिजिक्सवाला और इमेजिन मार्केटिंग (वियरेबल्स ब्रांड बोट और स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म ग्रो की मूल कंपनी) ने भी गोपनीय फाइलिंग का विकल्प चुना है। 2024 में, खाद्य वितरण क्षेत्र की दिग्गज कंपनी स्विगी और खुदरा श्रृंखला विशाल मेगा मार्ट ने भी इसी तरह की फाइलिंग के बाद अपने आईपीओ जारी किए।





