
14% चढ़ गए इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी के शेयर, ₹40 पर आया भाव, ट्रेड डील की खबर का असर
इस तेजी की एक बड़ी वजह भारत–यूरोपीय संघ (India-EU) फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समझौते के तहत बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर पहले पांच साल तक इंपोर्ट ड्यूटी में कोई कटौती नहीं होगी, जिससे घरेलू कंपनियों के निवेश को सुरक्षा मिलेगी।
Mercury EV-Tech Share: मर्करी ईवी-टेक के शेयरों में आज मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कमजोर बाजार माहौल और घरेलू शेयर बाजार के सुस्त रुख के बावजूद इस स्मॉल-कैप इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी के शेयर 14% से ज्यादा चढ़ गए। बीएसई पर शेयर की शुरुआत ₹39.89 पर हुई और दिन के दौरान यह ₹40.99 के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गया। निवेशकों की दिलचस्पी अचानक बढ़ने से साफ है कि बाजार में कंपनी को लेकर पॉजिटिव सेंटिमेंट बन रहा है, खासकर ऐसे समय में जब ज्यादातर ऑटो शेयर दबाव में नजर आ रहे थे।
क्या है वजह
इस तेजी की एक बड़ी वजह भारत–यूरोपीय संघ (India-EU) फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समझौते के तहत बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर पहले पांच साल तक इंपोर्ट ड्यूटी में कोई कटौती नहीं होगी, जिससे घरेलू कंपनियों के निवेश को सुरक्षा मिलेगी। हालांकि, इसी एफटीए के कारण बड़े ऑटो शेयरों में दबाव दिखा क्योंकि यूरोप से आने वाले वाहनों पर इंपोर्ट ड्यूटी 66%–110% से घटकर 30%–35% होने की संभावना है। इसके उलट, मर्करी ईवी-टेक जैसी घरेलू ईवी कंपनियों को इससे फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कंपनी का कारोबार
मर्करी ईवी-टेक इलेक्ट्रिक स्कूटर्स, कार, बस, लोडर और गोल्फ कार्ट्स जैसे ईवी प्रोडक्ट्स बनाती है, साथ ही रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े कारोबार में भी मौजूद है। इससे पहले भी शुक्रवार, 23 जनवरी को कंपनी के शेयरों में करीब 15% की तेजी आई थी और यह ₹36.28 पर बंद हुआ था। उस दिन शेयर ने ₹36.55 का हाई छुआ था और 11 लाख से ज्यादा शेयरों का कारोबार हुआ, जो निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी को दिखाता है। हाल ही में कंपनी की 39वीं एजीएम वडोदरा में हुई, जहां कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कंपनी की वित्तीय नतीजे
वित्तीय नतीजों की बात करें तो कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है। Q2FY26 में नेट सेल्स 51% बढ़कर ₹34.01 करोड़ हो गई, जबकि नेट प्रॉफिट 35% बढ़कर ₹1.72 करोड़ रहा। FY26 की पहली छमाही में नेट सेल्स 142% उछलकर ₹56.58 करोड़ पहुंच गई और मुनाफा 43% बढ़कर ₹2.99 करोड़ रहा। सालाना आधार पर भी सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 15.7% बढ़ा है। मजबूत नतीजों, बढ़ते कारोबार और पॉलिसी सपोर्ट की उम्मीदों ने मिलकर मर्करी ईवी-टेक को निवेशकों की नजर में एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।





