
पहले ही दिन 53% का फायदा, अब एक्सपर्ट बोले- 200 रुपये पहुंचेगा इस शेयर का दाम
ब्रोकरेज हाउस चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने शेयर बाजार की नई-नवेली कंपनी मीशो के शेयर खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज हाउस ने मीशो के शेयरों के लिए 200 रुपये का टारगेट दिया है।
बंपर लिस्टिंग के बाद मीशो के शेयरों में और तेजी देखने को मिल सकती है। बुधवार को जबरदस्त लिस्टिंग के बाद शेयर बाजार की नई-नवेली कंपनी मीशो को अपनी पहली एनालिस्ट रेटिंग मिली है। घरेलू ब्रोकरेज हाउस चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने मीशो का कवरेज शुरू किया है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने मीशो के शेयरों के लिए 200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यानी, मीशो के आईपीओ के इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयरों में 80 पर्सेंट का उछाल आ सकता है।
मीशो के शेयरों में पहले ही दिन 53% से ज्यादा का फायदा
मीशो (Meesho) के शेयरों ने पहले ही दिन निवेशकों को तगड़ा रिटर्न दे दिया है। मीशो के शेयर बुधवार को BSE में 45 पर्सेंट से ज्यादा के फायदे के साथ 161.20 रुपये पर लिस्ट हुए। IPO में मीशो के शेयर का दाम 111 रुपये था। लिस्टिंग के बाद मीशो के शेयरों ने दिन के कारोबार के दौरान 177.55 रुपये के उच्चतम स्तर को छुआ और कारोबार के आखिर में 5.58 पर्सेंट की तेजी के साथ 170.20 रुपये पर बंद हुए। 111 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले मीशो के शेयर लिस्टिंग वाले दिन 53 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए। मीशो का मार्केट कैप बुधवार को 76,813 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
मीशो के आईपीओ पर लगा था 81 गुना से ज्यादा दांव
मीशो लिमिटेड का आईपीओ (Meesho) टोटल 81.76 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों (रिटेल इनवेस्टर्स) का कोटा 19.89 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स) की कैटेगरी में 39.85 गुना दांव लगा। मीशो के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 123.34 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। मीशो के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 135 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को एक लॉट के लिए 14,985 रुपये का निवेश करना पड़ा। मीशो का आईपीओ दांव लगाने के लिए 3 दिसंबर को खुला था और यह 5 दिसंबर तक ओपन रहा।





