
लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद 5% उछला यह शेयर, फ्यूचर पर ब्रोकरेज सतर्क
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को NSE पर तीन दिन की बिकवाली के बाद मीशे के शेयर 5% बढ़कर ₹173 प्रति शेयर तक पहुंच गए। ब्रोकरेज जेएम फाइनेंशियल को उम्मीद है कि आगे मीशो शेयर में सीमित बढ़ोतरी होगी क्योंकि लिस्टिंग के बाद शेयरों में तेजी से उछाल आया था।
Meesho share price: ग्लोबल टेंशन की वजह से शुक्रवार को भले ही बाजार बिकवाली मोड में हो लेकिन ई-कॉमर्स फर्म मीशो के शेयर डिमांड में थे। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को NSE पर तीन दिन की बिकवाली के बाद मीशे के शेयर 5% बढ़कर ₹173 प्रति शेयर तक पहुंच गए। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 164 रुपये से 173 रुपये के बीच था। हालांकि, 18 दिसंबर 2025 को शेयर 254.65 रुपये के ऑल टाइम हाई पर रहा था। इससे यह संकेत मिल रहे हैं कि शेयर में मुनाफावसूली देखी गई है।
लॉक-इन अवधि खत्म
मीशो के शेयर में हालिया गिरावट प्री-IPO निवेशकों के लिए एक महीने की लॉक-इन अवधि खत्म होने के कारण हुई। इसके साथ ही सीनियर मैनेजमेंट में बदलाव के बारे में नई जानकारियां भी सामने आईं। इसका असर मीशो के शेयर पर पड़ा। बता दें कि प्री-IPO निवेशकों के लिए एक महीने की लॉक-इन अवधि बुधवार को खत्म हो गई, जिससे करीब 109.9 मिलियन इक्विटी शेयर या कंपनी की बकाया इक्विटी का 2% हिस्सा फ्री हो गया। आईपीओ में लॉक-इन पीरियड का मतलब एक तय समय होता है, जिसके दौरान कुछ शेयरहोल्डर्स अपने शेयर खुले बाजार में नहीं बेच सकते। इनमें कंपनी, प्रमोटर और प्री-IPO इन्वेस्टर शामिल होते हैं। इसके अलावा, 7 जनवरी को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में मीशो ने स्टॉक एक्सचेंजों को मैनेजमेंट पर अपडेट दिया। कंपनी के मुताबिक मेघा अग्रवाल, जनरल मैनेजर – बिजनेस और एक सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। मीशो ने बताया कि मिलन परतानी को जनरल मैनेजर – कॉमर्स प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी दी गई है।
ब्रोकरेज का क्या है कहना?
ब्रोकरेज जेएम फाइनेंशियल को उम्मीद है कि आगे मीशो शेयर में सीमित बढ़ोतरी होगी क्योंकि लिस्टिंग के बाद शेयरों में तेजी से उछाल आया था। ब्रोकरेज ने मीशो स्टॉक पर 'रिड्यूस' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू करते हुए टारगेट प्राइस ₹170 तय किया है। हालांकि JM फाइनेंशियल कंपनी की लॉन्ग-टर्म ग्रोथ की संभावनाओं और ज्यादा मुनाफे की क्षमता को लेकर आशावादी है लेकिन ज्यादा वैल्यूएशन की वजह से ब्रोकरेज को शेयरों में सीमित बढ़ोतरी की उम्मीद है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि मीशो भारतीय ई-कॉमर्स का फ्लैगबेयर बना रहेगा और भारतीय आबादी के एक बड़े हिस्से के लिए पहला डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म होगा।
मीशो का आईपीओ
मीशे के आईपीओ का इश्यू प्राइस ₹111 प्रति शेयर था। शेयरों ने 10 दिसंबर को ब्लॉकबस्टर डेब्यू करते हुए ₹162 प्रति शेयर पर लिस्ट हुआ। यह इश्यू प्राइस से 46% अधिक था। इस जबरदस्त शुरुआत के बाद शेयर ने अगले सेशन में भी अपनी तेजी बनाए रखी और ₹254 प्रति शेयर तक पहुंच गया। यह 2025 में मेनबोर्ड IPOs में लिस्टिंग के बाद सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वालों में से एक बन गया।





