मारुति को आयकर विभाग ने भेजा ड्राफ्ट ऑर्डर, शेयर में ₹4400 से ज्यादा उछाल संभव
मंगलवार को शेयर में 2 पर्सेंट का उछाल आया। ट्रेडिंग के अंत में शेयर 1.88% बढ़कर 12993.55 रुपये पर पहुंच गया। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 13101 रुपये पर पहुंच गया। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 17,371.60 रुपये है।

दिग्गज कारमेकर कंपनी- मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड को आयकर विभाग से 5786 करोड़ रुपये का ड्राफ्ट असेसमेंट ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर में कंपनी द्वारा रिटर्न में दिखाए गए आय में ₹5786 करोड़ की एडिशन और डिसअलाउंस प्रस्तावित की गई हैं। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में स्पष्ट किया कि यह सिर्फ ड्राफ्ट ऑर्डर है और वह निर्धारित समयसीमा में आपत्तियां दर्ज कराएगी। इसके साथ ही मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड डिस्प्यूट रेजोल्यूशन पैनल (DRP) के समक्ष इसे चुनौती देगी। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटनाक्रम का उसके वित्तीय या व्यावसायिक गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस खबर के बीच कंपनी के शेयर डिमांड में रहे। मंगलवार को शेयर में 2 पर्सेंट का उछाल आया। ट्रेडिंग के अंत में शेयर 1.88% बढ़कर 12993.55 रुपये पर पहुंच गया। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 13101 रुपये पर पहुंच गया। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 17,371.60 रुपये है। शेयर का यह भाव जनवरी 2026 में था।
ब्रोकरेज का टारगेट प्राइस
हाल ही में घरेलू ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल ने मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड शेयर पर अपनी "बाय" रेटिंग को ₹17,406 के टारगेट प्राइस के साथ बरकरार रखा है। वर्तमान कीमत के आधार पर देखें तो शेयर 4400 रुपये से ज्यादा बढ़ सकता है।
कंपनी का है बड़ा प्लान
यह घटनाक्रम देश की सबसे बड़ी यात्री कार निर्माता कंपनी की चल रही विस्तार योजनाओं के बीच आया है। पिछले महीने मारुति सुजुकी ने घोषणा की थी कि वह गुजरात के खोराज में एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए ₹35,000 करोड़ का निवेश करेगी, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख वाहनों की होगी। इस प्लांट से लगभग 12,000 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है और इसका निर्माण गुजरात औद्योगिक विकास निगम द्वारा आवंटित भूमि पर किया जाएगा।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
मारुति ने बीते दिनों दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में मारुति का मुनाफा चार प्रतिशत बढ़कर 3,879 करोड़ रुपये हो गया। गत वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में मुनाफा 3,727 करोड़ रुपये रहा था। मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि नई श्रम संहिता के कारण 594 करोड़ रुपये के एकमुश्त प्रावधान से लाभ प्रभावित हुआ। वित्त वर्ष 2025-26 की समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 49,904 करोड़ रुपये हो गई जो गत वित्त वर्ष की इसी अवधि में 38,764 करोड़ रुपये थी।
फरवरी में कुल बिक्री
मारुति सुजुकी की फरवरी में कुल बिक्री 7.32 प्रतिशत बढ़कर 2,13,995 इकाई हो गई। इससे पिछले साल फरवरी में कंपनी ने 1,99,400 वाहन बेचे थे। कंपनी ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि पिछले महीने घरेलू बाजार में उसकी कुल यात्री वाहनों की बिक्री थोड़ी बढ़कर 1,61,000 इकाई हो गई, जबकि फरवरी, 2025 में यह 1,60,791 इकाई थी।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

