निवेशकों की बल्ले-बल्ले! 1 हफ्ते में ₹1.87 लाख करोड़ की कमाई, एयरटेल समेत इन कंपनियों ने दिखाई पावर
शेयर बाजार में मजबूती के चलते टॉप 10 कंपनियों में से 8 का कुल मार्केट कैप करीब ₹1.87 लाख करोड़ बढ़ गया। इस तेजी में भारती एयरटेल (Bharti Airtel) सबसे आगे रही, जबकि HDFC Bank और बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) को गिरावट का सामना करना पड़ा।

शेयर बाजार में पिछले हफ्ते भले ही छुट्टियों की वजह से कम कारोबारी दिन रहे, लेकिन बाजार का मूड काफी पॉजिटिव रहा। इसी का असर देश की टॉप कंपनियों पर भी दिखा, जहां सेंसेक्स की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 के मार्केट कैप में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। कुल मिलाकर इन कंपनियों का बाजार पूंजीकरण करीब 1.87 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया, जो निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
इस तेजी में सबसे ज्यादा फायदा भारती एयरटेल (Bharti Airtel) को हुआ। कंपनी का मार्केट कैप करीब 58,800 करोड़ रुपये बढ़कर 11 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। इसके अलावा लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (Life Insurance Corporation of India -LIC) ने भी शानदार प्रदर्शन किया और इसका मूल्यांकन 27,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गया।
आईटी सेक्टर की दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (Tata Consultancy Services -TCS) के मार्केट कैप में भी करीब 20,700 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने भी लगभग 20,000 करोड़ रुपये का इजाफा किया और देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की बड़ी कंपनी L&T (Larsen & Toubro) का मार्केट कैप भी करीब 18,500 करोड़ रुपये बढ़ा।
हालांकि, हर कंपनी के लिए हफ्ता अच्छा नहीं रहा। बैंकिंग सेक्टर के दिग्गज एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) का मार्केट कैप करीब 16,000 करोड़ रुपये घट गया। इसी तरह बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) को भी नुकसान हुआ और इसके मूल्यांकन में करीब 9,700 करोड़ रुपये की कमी आई।
अगर इंडेक्स की बात करें तो BSE Sensex में करीब 943 अंकों (1.21%) की बढ़त दर्ज की गई, जबकि NSE Nifty भी 302 अंकों (1.25%) की तेजी के साथ बंद हुआ। यह हफ्ता बाजार के लिए सकारात्मक रहा और निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिखा। टॉप कंपनियों में आई यह तेजी संकेत देती है कि बाजार में अभी भी मजबूती बनी हुई है, हालांकि कुछ सेक्टर में उतार-चढ़ाव जारी है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


