महारत्न कंपनी के शेयरों में तेजी का तूफान, एक महीने में 50% से ज्यादा चढ़ा दाम, विदेशी निवेशकों ने बढ़ाया दांव
मुख्य बातें
- महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयर एक महीने में 50% से ज्यादा चढ़ गए हैं
- कंपनी के शेयरों ने नया रिकॉर्ड बनाया है
- विदेशी निवेशकों और म्यूचुअल फंड्स ने कंपनी पर अपना दांव बढ़ाया है

महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयरों में तेजी का तूफान देखने को मिल रहा है। भेल के शेयरों ने शुक्रवार को नया रिकॉर्ड बनाया है। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को BSE में 408.90 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों का यह ऑल टाइम हाई है। पिछले एक महीने में भेल के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है। भेल के शेयर एक महीने में 50 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। इस बीच, विदेशी निवेशकों और म्यूचुअल फंड्स ने महारत्न कंपनी भेल पर अपना दांव बढ़ाया है।
विदेशी निवेशकों ने खरीदे कंपनी के और शेयर
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने पिछली दो तिमाहियों में महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) में अपनी हिस्सेदारी 1 पर्सेंट (100 बेसिस प्वाइंट) बढ़ाई है। वहीं, म्यूचुअल फंड्स ने आक्रामक तरीके से भेल के शेयर खरीदे हैं। म्यूचुअल फंड्स ने इस अवधि में भेल में अपनी हिस्सेदारी 5.30 पर्सेंट (530 बेसिस प्वाइंट) बढ़ाई है। 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में भेल में विदेशी संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़कर 7.2 पर्सेंट पहुंच गई है। सितंबर 2025 तिमाही में विदेशी संस्थागत निवेशकों की कंपनी में 6.2 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। वहीं, महारत्न कंपनी में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी मार्च 2026 तिमाही में बढ़कर 12.9 पर्सेंट पहुंच गई है, जो कि सितंबर 2025 तिमाही में 7.6 पर्सेंट थी।
आम निवेशकों ने घटाया अपना दांव
हालांकि, आम निवेशकों (रिटेल इनवेस्टर्स) ने महारत्न कंपनी भेल में अपना दांव घटाया है। सितंबर 2025 तिमाही में आम निवेशकों के पास भेल के 35.99 करोड़ शेयर या 10.34 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। वहीं, मार्च 2026 तिमाही में आम निवेशकों के पास भेल के 31 करोड़ से ज्यादा (8.93 पर्सेंट) शेयर बचे हैं। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।
एक महीने में 50% से ज्यादा उछल गए हैं शेयर
महारत्न कंपनी भेल के शेयर पिछले एक महीने में 50 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयर 8 अप्रैल 2026 को 265.70 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 8 मई 2026 को 408.90 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 87 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। वहीं, पिछले पांच साल में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयर 600 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 408.90 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 205.20 रुपये है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


