
महारत्न कंपनी के शेयर बने रॉकेट, 255 रुपये के पार पहुंचा दाम, 253% बढ़ा है मुनाफा
संक्षेप: महारत्न कंपनी भेल के शेयर BSE में 5% से ज्यादा चढ़कर 258.20 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों में यह तेजी शानदार वित्तीय नतीजों के बाद आई है। सितंबर 2025 तिमाही में भेल का मुनाफा 253% बढ़ा है।
महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयरों में गुरुवार को अच्छी तेजी आई है। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL या भेल) के शेयर BSE में 5 पर्सेंट से ज्यादा चढ़कर 258.20 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों में यह उछाल सितंबर 2025 तिमााही के शानदार नतीजों के बाद आया है। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में भेल का मुनाफा सालाना आधार पर 253 पर्सेंट बढ़ा है। भेल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 272 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 176 रुपये है।

253% बढ़ा है महारत्न कंपनी का मुनाफा
महारत्न कंपनी भेल को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 374.89 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट हुआ है। सालाना आधार पर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) का मुनाफा 253 पर्सेंट बढ़ा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 106.15 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के मुकाबले भेल के परफॉर्मेंस में जबरदस्त सुधार देखने को मिला है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में महारत्न कंपनी भेल को 455.50 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था।
7500 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा रेवेन्यू
महारत्न कंपनी भेल का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सितंबर 2025 तिमाही में 7512 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड का रेवेन्यू 6584 करोड़ रुपये था। सालाना आधार पर भेल का रेवेन्यू 14 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी के प्रमुख बिजनेस सेगमेंट्स ने मजबूत परफॉर्मेंस दिखाया है। अगर पावर सेगमेंट की बात करें तो इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 12.9 पर्सेंट बढ़कर 5675.64 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में इस सेगमेंट का रेवेन्यू 5028.28 करोड़ रुपये था।
800% से ज्यादा उछल गए हैं भेल के शेयर
महारत्न कंपनी भेल के शेयर पिछले पांच साल में 818 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयर 30 अक्टूबर 2020 को 28 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 30 अक्टूबर 2025 को 258.20 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 277 पर्सेंट की जोरदार तेजी देखने को मिली है। भेल के शेयर पिछले 3 साल में 250 पर्सेंट चढ़ गए हैं। अगर पिछले एक साल की बात करें तो भेल के शेयर करीब 9 पर्सेंट उछले हैं।





