
महारत्न कंपनी के शेयर धड़ाम, 10% से ज्यादा टूटा दाम, इस वजह से आई गिरावट
महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयर गुरुवार को 10% से अधिक की गिरावट के साथ 272.30 रुपये पर बंद हुए हैं। दिन के कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 14 पर्सेंट लुढ़क गए थे।
महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयर गुरुवार को धड़ाम हो गए हैं। भेल (BHEL) के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान करीब 14 पर्सेंट की गिरावट के साथ 261.40 रुपये पर जा पहुंचे। कारोबार के आखिर में भेल के शेयर 10 पर्सेंट से अधिक की गिरावट के साथ 272.30 रुपये पर बंद हुए। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत सरकार, गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए बोली लगाने वाली चीन की कंपनियों पर लगी पाबंदियों को खत्म करने की योजना बना रही है, इसी के बाद भेल के शेयरों में तेज गिरावट आई है।
साल 2020 में लगाई गईं थी पाबंदियां
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त मंत्रालय सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए बोली लगाने वाली चाइनीज कंपनियों पर 5 साल पुरानी पाबंदियों को हटाने की योजना बना रही है, क्योंकि भारत सरकार बेहतर डिप्लोमैटिक और सीमा पर ठीक माहौल के बीच व्यावसायिक संबंधों को फिर से रफ्तार देना चाहती है। चीन की कंपनियों पर यह पाबंदियां साल 2020 में लगाई गई थीं। एक सरकारी सूत्र ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया कि ऑफिसर्स सीमावर्ती देशों के बिडर्स के लिए रजिस्ट्रेशन संबंधी जरूरत को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं।
590% से ज्यादा चढ़ गए हैं भेल के शेयर
महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयर पिछले पांच साल में 590 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 8 जनवरी 2021 को 39.35 रुपये पर थे। भेल के शेयर 8 जनवरी 2026 को 272.30 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले तीन साल में भेल के शेयरों में 233 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। भेल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 305.85 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 176 रुपये है। भेल का मार्केट कैप गुरुवार को घटकर 94,816 करोड़ रुपये रह गया है।
इन कंपनियों के शेयर भी हुए धड़ाम
भेल के अलावा, ABB इंडिया, सीमेंस और हिताची एनर्जी के शेयरों में भी तेज गिरावट देखने को मिली है। ABB इंडिया के शेयर करीब 5 पर्सेंट की गिरावट के साथ 5041.30 रुपये पर बंद हुए हैं। सीमेंस लिमिटेड के शेयर 4 पर्सेंट टूटकर 3009.90 रुपये पर बंद हुए हैं। वहीं, हिताची एनर्जी के शेयर करीब 6 पर्सेंट टूटकर 18,440.80 रुपये पर बंद हुए।

लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें



