
1 पर 23 बोनस शेयर दे रही कंपनी, ₹5.64 है भाव, इन निवेशकों को मिलेगा फायदा
कंपनी ने साफ किया है कि ये सभी बोनस शेयर 10 रुपये फेस वैल्यू के होंगे और मौजूदा शेयरधारकों को बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के दिए जाएंगे। रिकॉर्ड डेट पर जिन निवेशकों का नाम कंपनी के रजिस्टर में दर्ज था, वही इस बोनस इश्यू के हकदार होंगे।
Magnanimous Trade & Finance Share: मैग्नेनिमस ट्रेड एंड फाइनेंस के शेयरधारकों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी के बोर्ड ने 5 जनवरी 2026 को हुई बैठक में बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत कंपनी 2,18,83,764 पूरी तरह से पेड-अप बोनस इक्विटी शेयर जारी करेगी। बोनस शेयर का अनुपात 23:1 रखा गया है, यानी रिकॉर्ड डेट 2 जनवरी 2026 को जिन निवेशकों के पास कंपनी का 1 शेयर था, उन्हें उसके बदले 23 नए शेयर मिलेंगे। बता दें कि बीएएसई पर दी गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी के शेयरों में आखिरी बार 9 अगस्त 2024 को कारोबार हुआ था और इसका शेयर प्राइस 5.64 रुपये था। फिलहाल इसमें कारोबार नहीं हो रहा है।
कंपनी ने क्या कहा
कंपनी ने साफ किया है कि ये सभी बोनस शेयर 10 रुपये फेस वैल्यू के होंगे और मौजूदा शेयरधारकों को बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के दिए जाएंगे। रिकॉर्ड डेट पर जिन निवेशकों का नाम कंपनी के रजिस्टर में दर्ज था, वही इस बोनस इश्यू के हकदार होंगे। आम निवेशकों के लिए यह फैसला खास माना जा रहा है क्योंकि इससे उनके पास मौजूद शेयरों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। बोनस शेयर अलॉटमेंट के बाद मैग्नेनिमस ट्रेड एंड फाइनेंस शेयर की कीमत की पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल में बड़ा इजाफा हुआ है। अब कंपनी की कुल पेड-अप शेयर कैपिटल बढ़कर 2,28,35,232 इक्विटी शेयरों की हो गई है, जिनका फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है। बाजार की नजर अब इस बात पर रहेगी कि बोनस इश्यू के बाद कंपनी के शेयर में कैसी हलचल देखने को मिलती है।
बोनस शेयर क्या है
बोनस शेयर वो शेयर होते हैं जो कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों को बिना कोई पैसा लिए मुफ्त में देती है। ये शेयर कंपनी अपने रिज़र्व या मुनाफे से जारी करती है। अगर किसी कंपनी ने 1:1 बोनस दिया और आपके पास 10 शेयर हैं, तो आपको 10 नए शेयर और मिल जाएंगे, यानी कुल 20 शेयर हो जाएंगे। आपके निवेश की वैल्यू तुरंत दोगुनी नहीं होती, लेकिन शेयरों की संख्या बढ़ जाती है। बता दें कि बोनस शेयर तब दिया जाता है जब कंपनी के पास अच्छा मुनाफा और मजबूत रिजर्व होता है, शेयर की लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए और निवेशकों को इनाम देने और भरोसा बढ़ाने के लिए होता है।





