दिग्गज निवेशक ने इस कंपनी के खरीद डाले 2,89,243 शेयर, डॉली खन्ना की भी बड़ी हिस्सेदारी
यह पहली बार है जब एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रमुख शेयरधारकों में मधुसूदन केला का नाम सामने आया है। इससे पहले उनकी हिस्सेदारी 1% से कम हो सकती है।

Emkay Global Financial Services: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक मधुसूदन केला ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) में एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज में हिस्सेदारी खरीदी है। कंपनी द्वारा एक्सचेंज में दाखिल दिसंबर तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, केला ने Q3 में 2,89,243 शेयर खरीदे हैं, जो कंपनी में 1.02% हिस्सेदारी के बराबर है। जैसे ही किसी बड़े निवेशक का नाम किसी स्टॉक से जुड़ता है, रिटेल निवेशकों की दिलचस्पी अपने आप बढ़ जाती है, क्योंकि इसे संभावित मौके के संकेत के तौर पर देखा जाता है। कंपनी के शेयर आज मंगलवार को 3 पर्सेंट से अधिक गिरकर 278.60 रुपये पर आ गए थे।
कितनी है हिस्सेदारी
यह पहली बार है जब एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रमुख शेयरधारकों में मधुसूदन केला का नाम सामने आया है। इससे पहले उनकी हिस्सेदारी 1% से कम हो सकती है, क्योंकि नियमों के मुताबिक कंपनियों को सिर्फ उन्हीं निवेशकों के नाम सार्वजनिक करने होते हैं जिनकी हिस्सेदारी 1% या उससे ज्यादा होती है। इसी तिमाही में मधुसूदन केला ने विंडसर मशीन्स और इंडोस्टार कैपिटल में अपनी हिस्सेदारी घटाई है। ट्रेंडलाइन के आंकड़ों के अनुसार, मधुसूदन केला के पोर्टफोलियो में फिलहाल 16 शेयर शामिल हैं और उनकी कुल निवेश वैल्यू ₹2,604.5 करोड़ से ज्यादा है।
एमके ग्लोबल सिर्फ मधुसूदन केला ही नहीं, बल्कि मशहूर निवेशक डॉली खन्ना के पोर्टफोलियो में भी शामिल है। Q3 FY26 के आंकड़ों के मुताबिक, डॉली खन्ना के पास कंपनी के 5,98,033 शेयर, यानी 2.31% हिस्सेदारी है। यह Q2 FY26 के मुकाबले थोड़ा कम है, जब उनके पास 6,98,160 शेयर (2.73%) थे। इससे साफ है कि डॉली खन्ना ने इस तिमाही में एमके ग्लोबल में आंशिक मुनाफावसूली की है। ट्रेंडलाइन डेटा के अनुसार, Q3 में उन्होंने जीएचसीएल, प्रकाश इंडस्ट्रीज, सोम डिस्टिलरीज, कॉफी डे एंटरप्राइजेज और प्रकाश पाइप्स समेत पांच अन्य शेयरों में भी हिस्सेदारी घटाई है।
शेयरों के हाल
अगर एमके ग्लोबल के शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले एक साल में इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला है और इस दौरान शेयर करीब 5% फिसला है। हालांकि, पिछले 6 महीनों में इसमें 8% की तेजी भी आई है। लंबे समय के नजरिए से देखें तो एमके ग्लोबल एक मल्टीबैगर स्टॉक साबित हुआ है। BSE के आंकड़ों के मुताबिक, इस शेयर ने 5 साल में 287% और 10 साल में 325% का दमदार रिटर्न दिया है।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

