इस शेयर में लगा 20% का अपर सर्किट, इंट्रा-डे में ₹1025 चढ़ गया भाव
Lumax industries share price: ऑटो कंपोनेंट की कंपनी-लुमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर में ट्रेडिंग के दौरान 20% का अपर सर्किट लगा और भाव 1000 रुपये से ज्यादा उछल गया। शेयर में यह तेजी कंपनी के शानदार तिमाही नतीजे के बाद आई है।

Lumax industries share price: ऑटो कंपोनेंट की कंपनी-लुमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर ने मंगलवार को 52 हफ्ते का बेस्ट परफॉर्मेंस दिया है। इस कंपनी के शेयर में ट्रेडिंग के दौरान 20% का अपर सर्किट लगा और भाव 1000 रुपये से ज्यादा उछल गया। शेयर में यह तेजी कंपनी के शानदार तिमाही नतीजे के बाद आई है।
शेयर का परफॉर्मेंस
लुमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर की कीमत पिछली क्लोजिंग 5134.55 रुपये के मुकाबले मंगलवार को 6161.45 रुपये तक पहुंच गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 1025 रुपये तक चढ़ गया। फरवरी 2025 में शेयर 2,084 रुपये के निचले स्तर पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है।
क्यों आया शेयर में उछाल
लुमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा दिसंबर तिमाही के मजबूत नतीजे घोषित किए जाने के बाद शेयर में यह उछाल आया। 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही के दौरान लुमैक्स इंडस्ट्रीज ने पिछले वर्ष की इसी अवधि के ₹33.4 करोड़ की तुलना में ₹46.5 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया। यह वार्षिक आधार पर 39.2% की वृद्धि है। परिचालन से राजस्व में 18.7% की वृद्धि हुई और यह ₹887 करोड़ से बढ़कर ₹1,052.7 करोड़ हो गया। एबिटा पिछले वर्ष की इसी अवधि के ₹69.5 करोड़ से 59.7% की वृद्धि दर्ज करते हुए ₹111 करोड़ तक पहुंच गया, जो बेहतर परिचालन क्षमता को दर्शाता है।
शेयरहोल्डिंग पैटर्न
लुमैक्स इंडस्ट्रीज के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो प्रमोटर के पास 75% और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 25% हिस्सेदारी है। प्रमोटर दीपक जैन और अनमोल जैन के पास क्रमश: 12,43,516 शेयर या 13.30 फीसदी हिस्सेदारी है। पब्लिक शेयरहोल्डर्स में HDFC स्मॉलकैप फंड के पास 4.99% हिस्सेदारी या 4,66,182 शेयर है। लुमैक्स ऑटो टेक्नोलॉजीज लिमिटेड और लुमैक्स फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड भी प्रमोटर हैं। इनमें लुमैक्स ऑटो टेक्नोलॉजीज के पास 5,25,000 शेयर या 5.62 फीसदी हिस्सेदारी और लुमैक्स फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के पास 4,93,367 शेयर या 5.28 हिस्सेदारी है।





