LPG Price Today: क्या बढ़ेंगे एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम? जानें आज के रेट और सप्लाई अपडेट
मुख्य बातें
- LPG Price Today: आजकल LPG सिलेंडर की चर्चा सड़क से लेकर संसद तक और चौपालों से लेकर किचन तक हो रही है
- ऐसे में गैस की सप्लाई और एलपीजी के रेट के बारे में अबतक क्या हैं अपडेट, पढ़ें यहां…

LPG Price Today: मध्य पूर्व में जारी युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच India में एलपीजी को लेकर हलचल तेज हो गई है। किचन गैस की मांग बढ़ने और सप्लाई पर दबाव के कारण सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। दूसरी ओर 1 अप्रैल को एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव भी होने वाले हैं। ऐसे में आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या आने वाले दिनों में LPG सिलेंडर के दाम बढ़ेंगे?
सप्लाई संकट से निपटने के लिए सरकार के सख्त कदम
गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार ने मार्च में कई अहम फैसले लिए हैं। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग पर पहले 21 दिन का लॉक-इन लागू किया गया, जिसे बाद में शहरी क्षेत्रों में बढ़ाकर 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन कर दिया गया। इसका मकसद सीमित सप्लाई को संतुलित करना है ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस पहुंच सके।
इसके अलावा, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए LPG सिलेंडर रखना गैर-कानूनी कर दिया गया है। सरकार चाहती है कि जिनके पास PNG सुविधा है, वे LPG का इस्तेमाल न करें ताकि सिलेंडर की उपलब्धता बाकी लोगों के लिए सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, इन नियमों से आम उपभोक्ताओं को कुछ असुविधा भी हो रही है।
आज क्या हैं LPG के ताजा रेट?
देश के प्रमुख शहरों में 14.2 किलो घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत फिलहाल स्थिर बनी हुई है…
दिल्ली: ₹913
मुंबई: ₹912.50
कोलकाता: ₹939
चेन्नई: ₹928.50
हैदराबाद: ₹965
लखनऊ: ₹950.50
पटना: ₹1,002.50
स्रोत: इंडियन ऑयल
कमर्शियल सिलेंडर के आज के क्या हैं रेट
वहीं, इंडियन ऑयल के मुताबिक आज दिल्ली में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1768.50 रुपये, कोलकाता में 1875.50 और मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 1720 रुपये में मिल रहा है। जबकि, चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर 1929 रुपये का है। हैदराबाद में ₹2,105.50, बेंगलुरु में ₹1,958 और पटना में यह नीला सिलेंडर आज ₹2,133.50 का है।
क्या आगे बढ़ सकते हैं दाम?
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मध्य पूर्व का तनाव लंबा खिंचता है और कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तो LPG की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि, फिलहाल सरकार कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश कर रही है ताकि आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ न पड़े। अभी दाम स्थिर हैं, लेकिन वैश्विक हालात बिगड़े तो आने वाले समय में बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता। क्याेंकि, LPG संकट अब एक ग्लोबल प्राब्लम बन चुकी है, जिसका असर भारत सहित कई देशों पर साफ दिखाई दे रहा है। आने वाले कुछ हफ्ते बेहद अहम होंगे, क्योंकि यही तय करेंगे कि रसोई गैस आम लोगों के लिए राहत लेकर आएगी या और महंगी होती जाएगी।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


