संकट के बीच LPG सिलेंडर पर ₹300 की छूट, करोड़ों ग्राहकों को फायदा
देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये हो गई है। हालांकि, इस बड़े उछाल के बाद भी करोड़ों ग्राहकों को 300 रुपये सस्ती कीमत पर एलपीजी सिलेंडर दिया जा रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) के दाम बढ़ गए हैं। बीते दिनों सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इस बढ़ोतरी के कारण अब देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये हो गई है। हालांकि, इस बड़े उछाल के बाद भी करोड़ों ग्राहकों को 300 रुपये सस्ती कीमत पर एलपीजी सिलेंडर दिया जा रहा है।
किसे मिलेगी राहत?
दरअसल, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को केंद्र सरकार एलपीजी सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी देती है। इस योजना की शुरुआत मई 2016 में पूरे देश के गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को बिना जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन प्रोवाइड करने के लिए की गई थी। आज की तारीख में 10 करोड़ से ज्यादा लाभार्थी हैं, जिन्हें सरकार सब्सिडी दे रही है।
कितने रुपये में मिलेगा सिलेंडर
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) की वेबसाइट के अनुसार, कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में गैर-सब्सिडी वाली एलपीजी का 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 913 रुपये में मिलेगा जबकि पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 300 रुपये की सब्सिडी के बाद प्रति सिलेंडर 613 रुपये देने होंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी को पूरी तरह से सुरक्षा जमा मुक्त और इंस्टॉलेशन चार्जेस रहित LPG कनेक्शन प्रदान किया जाता है, जिसमें कोई भी राशि डिस्ट्रीब्यूटर को देने की आवश्यकता नहीं पड़ती। यह कनेक्शन 14.2 किलो या 5 किलो LPG सिलेंडर, घरेलू प्रेशर रेगुलेटर, 1.2 मीटर सुरक्षा होज पाइप, DGCC बुकलेट, मुफ्त पहला रिफिल और मुफ्त दो बर्नर स्टोव को कवर करता है। लाभार्थी को इन सभी वस्तुओं के लिए कोई भुगतान नहीं करना पड़ता।
ऑनलाइन – ग्राहक https://pmuy.gov.in पर उपलब्ध आवेदन पत्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या आवेदन जमा करने में सहायता को निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर पर जा सकते हैं। स्वयं आवेदन जमा करने पर कोई शुल्क नहीं है। हालांकि, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से आवेदन जमा करने पर ₹20 का शुल्क लागू होगा। वहीं, ऑफलाइन में ग्राहक सीधे कॉमन सर्विस सेंटर के निकटतम एलपीजी वितरक केंद्र पर आवेदन जमा कर सकते हैं।
एलपीजी सिलेंडर पर सरकार ने दिया अपडेट
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि घरेलू रसोई गैस की जरूरतें पूरी करने के लिए देश के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है और लोगों को घबराहट में आकर सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही मंत्रालय ने कहा कि घरेलू रिफाइनरी कंपनियों ने भी एलपीजी उत्पादन 25 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। इसके अलावा भारत होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आपूर्ति बाधित होने के बाद नए स्रोतों से कच्चा तेल लेने में भी सफल रहा है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू एलपीजी की सामान्य आपूर्ति अवधि अब भी पहले की तरह लगभग 2.5 दिन ही है, लिहाजा उपभोक्ताओं को जल्दबाजी में सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

