LPG सिलेंडर पर मोदी सरकार के 3 बड़े फैसले, बढ़ गई ग्राहकों की टेंशन
मुख्य बातें
- Lpg cylinder price news: जून के महीने में ही सरकार ने एलपीजी सिलेंडर पर 3 बड़े फैसले लिए हैं
- इन फैसलों की वजह से आम लोगों की टेंशन बढ़ गई है

Lpg cylinder price news: ग्लोबल टेंशन की वजह से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार एलपीजी सिलेंडर को लेकर ताबड़तोड़ फैसले ले रही है। सिर्फ जून के महीने में ही सरकार ने 3 बड़े फैसले लिए हैं। इन फैसलों की वजह से आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। आइए इन तीनों फैसले के बारे में विस्तार से बात करते हैं।
उज्ज्वला की सब्सिडी में की गई कटौती
हाल ही में सरकार ने 'प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना' (पीएमयूवाई) के तहत सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की वार्षिक सीमा नौ से घटाकर चार कर दी है। बता दें कि वर्ष 2016 में शुरू हुई इस योजना के तहत पहले लाभार्थियों को साल में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडर सब्सिडी पर मिलते थे। इसके बाद पिछले साल सब्सिडी वाले सिलेंडर की संख्या घटाकर नौ की गई थी। इसे अब घटाकर चार कर दिया गया है।
सरकार ने मई 2022 में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए प्रति सिलेंडर 200 रुपये की लक्षित सब्सिडी शुरू की थी, जिसे बाद में अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया था। यह सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी जाती है।
घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए
इसके अलावा, रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई। बीते तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत सात जून से 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। इससे पहले, मार्च में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।
कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में उछाल
इससे पहले, बीते एक जून को होटल, रेस्तरां, ढाबों में इस्तेमाल होने वाले कॉमर्शियल एलपीजी के अलावा पांच किलो वाले छोटे सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए। इसके तहत, 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़कर दिल्ली में 3,113.50 रुपये हो गई, जबकि पहले इसकी कीमत 3,071.50 रुपये थी। वहीं, पांच किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़कर 821.50 रुपये हो गई है।
बता दें कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखा गया है। सरकार के मुताबिक पेट्रोलियम कंपनियों को एलपीजी बिक्री पर प्रति सिलेंडर लगभग 700 रुपये का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल की बिक्री में भी कंपनियों को लागत से कम कीमत पर बिक्री के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

