बदल चुके हैं LPG सिलेंडर के ट्रांसफर नियम, शिफ्टिंग से पहले करना होगा ये काम
मुख्य बातें
- नया घर या दूसरे शहर में शिफ्ट होने की योजना बना रहे हैं और आपके पास एलपीजी (LPG) गैस कनेक्शन है, तो सबसे पहले अपनी गैस एजेंसी को इसकी जानकारी देना जरूरी है
- यदि आप उसी गैस एजेंसी के सर्विस एरिया के भीतर शिफ्ट हो रहे हैं तो प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं होगी

अमेरिका और ईरान के बीच जंग की वजह से भारत समेत दुनियाभर में ईंधन संकट का सामना करना पड़ा है। इसका असर घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर भी पड़ा है। भारत में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से निपटने के लिए सरकार ने तरह-तरह के कदम उठाए। इसके साथ ही कुछ नियमों में भी बदलाव किए गए। आइए जानते हैं कि बीते कुछ महीनों में किन नियमों में बदलाव हुआ है।
सिलेंडर ट्रांसफर के नियम बदले
अगर आप नया घर या दूसरे शहर में शिफ्ट होने की योजना बना रहे हैं और आपके पास एलपीजी (LPG) गैस कनेक्शन है, तो सबसे पहले अपनी गैस एजेंसी को इसकी जानकारी देना जरूरी है। उदाहरण के लिए आपके पास इंडेन का गैस सिलेंडर है तो आपको इंडेन गैस एजेंसी में शिफ्टिंग की जानकारी देनी होगी। सही प्रक्रिया अपनाने पर नए पते पर गैस सिलेंडर की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।
यदि आप उसी गैस एजेंसी के सर्विस एरिया के भीतर शिफ्ट हो रहे हैं तो प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं होगी। उपभोक्ता को पहचान पत्र, नए पते का प्रमाण, उपभोक्ता कार्ड या गैस बुक और मूल कनेक्शन वाउचर जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद एजेंसी आपके पते को अपडेट कर देगी और उसी कनेक्शन पर सिलेंडर की डिलीवरी मिलती रहेगी।
गैस एजेंसी के सर्विस एरिया के बाहर हो तब?
अगर नया पता मौजूदा गैस एजेंसी के सर्विस एरिया से बाहर है तो पहले अपनी पुरानी एजेंसी से ट्रांसफर टर्मिनेशन वाउचर (TTV) लेना होगा। इसके बाद इस वाउचर और अन्य जरूरी दस्तावेजों को नए इलाके की गैस एजेंसी में जमा करना होगा। दस्तावेजों की जांच के बाद नया कनेक्शन उसी आधार पर ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
वहीं, अगर आप किसी दूसरे शहर में शिफ्ट हो रहे हैं, तो पहले अपने मौजूदा गैस वितरक को एलपीजी सिलेंडर और रेगुलेटर वापस करना होगा। इसके बाद एजेंसी टर्मिनेशन वाउचर जारी करेगी और जमा की गई सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटा देगी। नए शहर की गैस एजेंसी दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद नया कनेक्शन जारी करेगी।
ट्रांसफर पूरा होने के बाद नई एजेंसी ट्रांसफर सब्सक्रिप्शन वाउचर (TSV) जारी करेगी। इसके साथ उपभोक्ता को नया कंज्यूमर नंबर मिलेगा और वह नए पते से एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग शुरू कर सकेगा।
एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 2 बार इजाफा
बता दें कि जून के महीने में रसोई गैस एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई, जो तीन महीनों में दूसरी बढ़ोतरी है। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में वृद्धि होने के बाद सात मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद जून में बढ़ोतरी हुई।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

