अब शेयर बाजार भी नहीं सोएगा! 24 घंटे ट्रेडिंग की तैयारी में ये स्टॉक एक्सचेंज, निवेशकों के लिए खुलेंगे नए मौके

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • लंदन स्टॉक एक्सचेंज (london stock exchange) ने 2027 की पहली छमाही में LSE 24 नाम से नया नाइट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की घोषणा की है
  • शुरुआत में इस प्लेटफॉर्म पर केवल एक्सचेंज ट्रेडेड प्रोडक्ट्स (ETPs) की ट्रेडिंग होगी, लेकिन भविष्य में सामान्य शेयरों (Equities) को भी शामिल किया जा सकता है
london stock exchange
लंदन स्टॉक एक्सचेंज ने LSE 24 नाम से नया नाइट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की घोषणा की।

दुनियाभर के शेयर बाजार तेजी से बदल रहे हैं और अब ऐसा समय दूर नहीं जब शेयरों की खरीद-बिक्री दिन-रात कभी भी की जा सके। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लंदन स्टॉक एक्सचेंज (london stock exchange) ने घोषणा की है कि वह 2027 की पहली छमाही तक 'LSE 24' नाम से नया नाइट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म शुरू करेगा। शुरुआत में इस प्लेटफॉर्म पर एक्सचेंज ट्रेडेड प्रोडक्ट्स (ETPs) की ट्रेडिंग होगी, लेकिन भविष्य में इसे सामान्य शेयरों (Equities) तक भी बढ़ाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो निवेशक लगभग 24 घंटे शेयर बाजार में कारोबार कर सकेंगे।

बिटकॉइन में 24×7 ट्रेडिंग की सुविधा

फिलहाल, दुनियाभर के ज्यादातर स्टॉक एक्सचेंज तय समय के लिए ही खुलते हैं, लेकिन क्रिप्टोकरेंसी बाजार ने इस व्यवस्था को चुनौती दी है। बिटकॉइन और अन्य डिजिटल एसेट्स में 24×7 ट्रेडिंग की सुविधा मिलने के बाद अब पारंपरिक शेयर बाजारों पर भी लंबे समय तक ट्रेडिंग उपलब्ध कराने का दबाव बढ़ गया है। खासकर रिटेल निवेशक और अलग-अलग टाइम जोन में मौजूद विदेशी संस्थागत निवेशक अब ऐसी सुविधा चाहते हैं, जिससे वे अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी निवेश कर सकें।

LSE 24 लॉन्च करेगा लंदन स्टॉक एक्सचेंज

इसी जरूरत को देखते हुए लंदन स्टॉक एक्सचेंज LSE 24 लॉन्च कर रहा है। यह प्लेटफॉर्म मुख्य एक्सचेंज से अलग संचालित होगा और शुरुआत में केवल कुछ चुनिंदा एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) और अन्य ETPs में ट्रेडिंग की सुविधा देगा। इनमें ब्रिटेन और अमेरिका के शेयर बाजार को ट्रैक करने वाले फंड शामिल होंगे।

LSE के अधिकारी ने क्या कहा?

LSE की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जूलिया हॉगेट के मुताबिक, कंपनी का लक्ष्य सिर्फ ETP तक सीमित रहने का नहीं है। भविष्य में यही प्लेटफॉर्म मुख्य बाजार में सूचीबद्ध सामान्य शेयरों की भी ट्रेडिंग करा सकता है। यानी आने वाले वर्षों में निवेशकों को दिन और रात किसी भी समय ब्रिटेन के शेयर खरीदने और बेचने का विकल्प मिल सकता है।

नए प्लेटफॉर्म का समय

नए प्लेटफॉर्म का समय भी तय कर दिया गया है। LSE 24 शाम 5:00 बजे से अगले दिन सुबह 7:50 बजे (लंदन समय) तक खुला रहेगा। हालांकि, शाम 6:30 बजे से 7:00 बजे तक 30 मिनट का तकनीकी ब्रेक रहेगा, ताकि दिनभर के लेन-देन की प्रॉसेसिंग की जा सके। वहीं, लंदन स्टॉक एक्सचेंज का मुख्य बाजार पहले की तरह सुबह 8:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक सामान्य समय पर चलता रहेगा।

Nasdaq भी कर रहा तैयारी

दरअसल, यह बदलाव सिर्फ ब्रिटेन तक सीमित नहीं है। दुनिया के कई बड़े एक्सचेंज अपने ट्रेडिंग घंटे बढ़ा रहे हैं। Nasdaq भी जल्द 23 घंटे की ट्रेडिंग शुरू करने की तैयारी में है। CME ग्रुप पहले ही क्रिप्टो फ्यूचर्स और ऑप्शंस में 24×7 ट्रेडिंग शुरू कर चुका है, जबकि Cboe ग्लोबल मार्केट भी अमेरिकी शेयरों के लिए 23 घंटे का ट्रेडिंग सिस्टम लॉन्च करने की योजना बना रहा है।

एक्सपर्ट का मानना है कि LSE 24 की शुरुआत वैश्विक निवेशकों, खासकर एशियाई बाजारों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। अलग-अलग टाइम जोन में बैठे निवेशक अब ब्रिटेन के बाजार में ज्यादा आसानी से कारोबार कर पाएंगे। अगर भविष्य में सामान्य शेयरों में भी 24 घंटे ट्रेडिंग शुरू होती है, तो यह वैश्विक शेयर बाजार की कार्यप्रणाली में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा। इससे निवेशकों को अधिक लचीलापन मिलेगा और पारंपरिक शेयर बाजार भी क्रिप्टो बाजार की तरह लगभग हर समय सक्रिय रहने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़अब शेयर बाजार भी नहीं सोएगा! 24 घंटे ट्रेडिंग की तैयारी में ये स्टॉक एक्सचेंज