रियल एस्टेट के दिग्गज की झोली में आई यह कंपनी, डील के बाद अब शेयर पर रखें नजर
लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड ने अपनी विस्तार योजना के तहत पुणे स्थित सॉलिडराइज रियल्टी (एसआरपीएल) में 294 करोड़ रुपये में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। अब ताजा डील के बाद सोमवार को इस शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।

Lodha Developers share price: रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड के शेयर सोमवार को फोकस में रहेंगे। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कंपनी ने अपनी विस्तार योजना के तहत पुणे स्थित सॉलिडराइज रियल्टी (एसआरपीएल) में 294 करोड़ रुपये में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसने एसआरपीएल में हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस अधिग्रहण के बाद सॉलिडराइज रियल्टी, लोढ़ा डेवलपर्स की अनुषंगी कंपनी बन जाएगी। सॉलिडराइज रियल्टी पुणे में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ी हुई है। बता दें कि मुंबई स्थित लोढ़ा डेवलपर्स देश की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है, जो 'लोढ़ा' ब्रांड के तहत संपत्तियों की बिक्री करती है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
पिछले महीने, लोढ़ा डेवलपर्स ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इस तिमाही में कंपनी के मुनाफे में एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी, जो बढ़कर 956.9 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 944.4 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 4,775.4 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,146.6 करोड़ रुपये थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
शेयर के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो शुक्रवार को लोढ़ा डेवलपर्स के शेयर लगभग 1% की गिरावट के साथ बंद हुए। पिछले तीन महीनों के कारोबार में लोढ़ा डेवलपर्स के शेयरों के मूल्य में 12% की गिरावट आई है। वर्तमान शेयर मूल्य ₹1,053.75 है। इस शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,534.25 रुपये तो 52 हफ्ते का लो 864 रुपये है। अब ताजा डील के बाद सोमवार को इस शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।
कंपनी का महाराष्ट्र सरकार से समझौता
इसी साल जनवरी में लोढ़ा डेवलपर्स ने महाराष्ट्र सरकार के साथ डेटा सेंटर पार्क के निर्माण के लिए एक लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश हेतु प्रारंभिक समझौता किया है। लोढ़ा डेवलपर्स ने महाराष्ट्र सरकार के साथ सरकार की ग्रीन इंटीग्रेटेड डेटा सेंटर पार्क नीति के तहत एक डेटा सेंटर विकसित करने के लिए 30,000 करोड़ रुपये का पिछले साल सितंबर में एक समझौता किया था। यह एक लाख करोड़ रुपये का नया समझौता महाराष्ट्र के विकास के प्रति समूह की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। लोढ़ा डेवलपर्स उन कई कंपनियों के लिए डेवलपर की भूमिका निभाएगी जो डेटा सेंटर स्थापित करने को इच्छुक हैं।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें


