क्रेडिट कार्ड से LIC प्रीमियम पेमेंट बंद; डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग और UPI ही चलेगा
मुख्य बातें
- LIC Premium Payment Credit Card: भारतीय जीवन बीमा निगम ने क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन इंश्योरेंस प्रीमियम पेमेंट बंद कर दिया है
- बड़ी संख्या में लोग क्रेडिट कार्ड से बीमा की किस्त का भुगतान करते हैं

LIC Premium Payment Credit Card: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने ऐसे ग्राहकों को तगड़ा झटका दिया है, जो अपने इंश्योरेंस प्रीमियम का पेमेंट ऑनलाइन तरीकों से क्रेडिट कार्ड से करते रहे हैं। एलआईसी की वेबसाइट पर कस्टमर पोर्टल के जरिए भी बीमा की किस्त का भुगतान होता है, लेकिन वहां अब सिर्फ नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और यूपीआई से पेमेंट का विकल्प बचा है। बीमाधारक पहले इन तीन विकल्पों के अलावा क्रेडिट कार्ड से भी प्रीमियम का डिजिटल भुगतान कर सकते थे। ऑनलाइन के अलावा एलआईसी एजेंट के द्वारा या एलआईसी के ब्रांच में प्रीमियम का पेमेंट जमा हो सकता है। देश में बड़ी संख्या में डिजिटल पेमेंट के लिए लोग क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं। क्रेडिट कार्ड से पेमेंट लेना बंद करने से एलआईसी के ग्राहक बड़ी संख्या में प्रभावित हुए हैं।
एलआईसी के एक एजेंट ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि क्रेडिट कार्ड को पेमेंट के ऑप्शन से हटाने के पीछे पेमेंट गेटवे कंपनी द्वारा इस सेवा के बदले लिया जा रहा शुल्क वजह है। एलआईसी की साइट पर पेमेंट गेटवे कंपनी बिल डेस्क की सेवा थी, जिसके जरिए प्रीमियम भुगतान कंपनी तक पहुंचता था। इस सेवा के बदले बिल डेस्क कंपनी से कुछ चार्ज लेती थी, जिसको लेकर संभवतः कोई विवाद पैदा हुआ है। एलआईसी की वेबसाइट पर यह बताया भी गया है कि क्रेडिट कार्ड से भुगतान के बदले एक सुविधा शुल्क लगता है, लेकिन उसका वहन एलआईसी ही करती है। कंपनी ने बताया है कि डेबिट कार्ड, यूपीआई और नेटबैंकिंग से प्रीमियम पेमेंट पर कोई चार्ज नहीं लगता है। सुविधा शुल्क को लेकर पेमेंट गेटवे कंपनी बिल डेस्क और एलआईसी के बीच कुछ मतभेद उभरने के बाद क्रेडिट कार्ड को ऑनलाइन पेमेंट विकल्प से हटा दिया गया है।
एक दूसरे एलआईसी एजेंट ने भी क्रेडिट कार्ड को पेमेंट ऑप्शन से हटाने के पीछे इसी कारण की चर्चा की। इस एजेंट ने बताया कि किसी दूसरे पेमेंट गेटवे कंपनी से एलआईसी के अधिकारियों की बातचीत चल रही है। इस एजेंट को भरोसा है कि जल्द ही ऑनलाइन पेमेंट में पहले की तरह क्रेडिट कार्ड का विकल्प वापस आ जाएगा। लाइव हिन्दुस्तान ने इस संबंध में एलआईसी का आधिकारिक पक्ष लेने के लिए कई अधिकारियों से संपर्क किया है, लेकिन कोई बातचीत के लिए उपलब्ध नहीं हैं। जैसे ही एलआईसी इस मसले पर स्थिति साफ करती है, इस खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।


