LIC ने दिया बड़ा तोहफा! 1 शेयर पर 1 बोनस, निवेशकों की बल्ले-बल्ले, शेयर में भी उछाल
LIC (Life Insurance Corporation of India) ने अपने निवेशकों के लिए 1:1 बोनस शेयर का बड़ा ऐलान किया है, जिसके तहत हर एक शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर मिलेगा। कंपनी इस इश्यू के लिए ₹6,300 करोड़ से ज्यादा राशि अपने मजबूत रिजर्व से इस्तेमाल करेगी।

देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC (Life Insurance Corporation of India) ने अपने निवेशकों को बड़ी खुशखबरी दी है। कंपनी के बोर्ड ने 1:1 बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया है, जो कि लिस्टिंग के बाद पहली बार है। इसका मतलब यह है कि अगर किसी निवेशक के पास LIC का 1 शेयर है, तो उसे रिकॉर्ड डेट के अनुसार 1 अतिरिक्त शेयर मुफ्त में मिलेगा, यानी शेयरों की संख्या दोगुनी हो जाएगी, हालांकि निवेश की कुल वैल्यू पर इसका तुरंत कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि शेयर की कीमत उसी अनुपात में एडजस्ट हो जाती है।
LIC बोनस इश्यू के तहत कुल 632.49 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करेगी, जिनकी फेस वैल्यू ₹10 होगी। कंपनी इस बोनस के लिए ₹6,324.99 करोड़ तक की राशि अपने रिजर्व और सरप्लस (31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के आधार पर) से कैपिटलाइज करेगी। बोनस इश्यू के बाद कंपनी का पेड-अप शेयर कैपिटल ₹6,324.99 करोड़ से बढ़कर ₹12,649.99 करोड़ हो जाएगा। हालांकि, कंपनी का ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल ₹25,000 करोड़ ही रहेगा, जिसमें 2,500 करोड़ शेयर शामिल हैं।
आपको बता दें कि LIC के पास 31 दिसंबर 2025 तक ₹1.46 लाख करोड़ का मजबूत रिजर्व मौजूद है, जो इस बोनस इश्यू को सपोर्ट करता है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, LIC में करीब 21 लाख रिटेल निवेशक हैं, जिनकी कुल हिस्सेदारी लगभग 1.5% है। इसके अलावा म्यूचुअल फंड्स, एफपीआई और सरकार की बड़ी हिस्सेदारी है।
LIC भारत का सबसे बड़ा IPO (Hyundai Motor India से पहले) रहा है, जिसमें तीन अलग-अलग प्राइस ₹949 (सामान्य), ₹904 (रिटेल) और ₹889 (पॉलिसी होल्डर्स) थे। मौजूदा शेयर कीमत इन तीनों स्तरों से नीचे ट्रेड कर रही हैं।
LIC का यह कदम भी इसी दिशा में देखा जा रहा है, जो निवेशकों के भरोसे को मजबूत करने और शेयर की लिक्विडिटी बढ़ाने का संकेत देता है। जब बाजार में किसी शेयर की कीमत ज्यादा हो जाती है, तो छोटे निवेशकों के लिए उसे खरीदना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में बोनस इश्यू के जरिए शेयर की कीमत को किफायती स्तर पर लाया जाता है, जिससे उसमें ट्रेडिंग बढ़ती है और नए निवेशक आकर्षित होते हैं।
हालांकि हाल के समय में LIC के शेयर पर थोड़ा दबाव देखा गया है और इस साल अब तक इसमें करीब 5% की गिरावट आई है, लेकिन पिछले एक साल में यह हल्की बढ़त के साथ सकारात्मक बना हुआ है। कंपनी के फंडामेंटल्स की बात करें तो हाल ही में दिसंबर तिमाही में LIC ने शानदार प्रदर्शन किया है, जहां उसका मुनाफा सालाना आधार पर 17% बढ़कर ₹12,930 करोड़ तक पहुंच गया। वहीं, नेट प्रीमियम इनकम भी 17% बढ़कर ₹1.26 लाख करोड़ रही, जो कंपनी की मजबूत ग्रोथ को दिखाता है।
LIC का शेयर परफॉर्मेंस
13 अप्रैल 2026 को LIC (Life Insurance Corporation of India) के शेयर में सकारात्मक रुख देखने को मिला, जहां स्टॉक 1.33% की बढ़त के साथ ₹809 पर बंद हुआ। यह तेजी हाल ही में घोषित बोनस शेयर (1:1) की खबर के बाद निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाती है। हालांकि, पिछले कुछ समय से शेयर पर हल्का दबाव बना हुआ था, लेकिन आज की रिकवरी ने पॉजिटिव संकेत दिया है।
LIC का यह बोनस इश्यू निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। यह न सिर्फ कंपनी की मजबूत बैलेंस शीट को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि मैनेजमेंट को अपने भविष्य के प्रदर्शन पर भरोसा है। ऐसे में लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह एक अच्छा मौका माना जा सकता है, लेकिन निवेश से पहले बाजार की स्थिति और अपने वित्तीय लक्ष्यों को जरूर ध्यान में रखना चाहिए।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


